महासमुंद (वीएनएस)। कलेक्टर जनदर्शन में कलेक्टर सिंह और सीईओ जिला पंचायत एस. आलोक ने तीन विभागों के 5 लाभार्थियों को सामग्री एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए। दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत महासमुंद नगरीय निकाय के अंतर्गत जयलाल देवांगन और नंद कुमार विदानी फुटकर व्यापारियों को विक्रय प्रमाण पत्र, समाज कल्याण विभाग की ओर से उपकरण प्रदाय योजना अंतर्गत श्रवण बाधित दिव्यांग हेमंत यादव को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया।
इसी तरह मछली पालन विभाग की ओर से आर.के.व्ही.वाय. के नाव-जाल योजनांतर्गत संतराम निषाद व द्रौपदी टंडन को एक-एक जाल प्रदान किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर ओ.पी. कोसरिया, नगर पालिका के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष तिवारी, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक संगीता सिंह व उप संचालक मत्स्य ओ.पी. मेहरा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।