3 हजार 584 किसानों ने 259.065 हेक्टेयर रकबा किया समर्पित
कोरिया (वीएनएस)। खरीफ वर्ष 2021-22 के अंतर्गत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर 01 दिसम्बर 2021 से धान खरीदी की शुरुआत की गई है। जिले में अब तक 18 हजार 512 किसानों से धान की खरीदी की गई है। कलेक्टर श्याम धावड़े के मार्गदर्शन में जिले में 41 उपार्जन केंद्र के माध्यम से सुचारू रूप से धान खरीदी किया जा रहा है।
जिले में लघु व सीमांत किसानों को प्राथमिकता देते हुए धान खरीदी जारी है। लघु-सीमांत व बड़े किसानों से 80:20 के अनुपात में धान खरीदी की जा रही है। छोटे किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनसे एकमुश्त धान खरीदी किया जा रहा है। खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में 33 हजार 838 पंजीकृत किसान है। जिले में 05 जनवरी तक पंजीकृत किसानों में से 48.21 प्रतिशत किसानों से 7,74,952.40 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। इसमें से 37.62 प्रतिशत धान का उठाव मिलरों की ओर से किया जा चुका है। वहीं जिले में 26 समितियों के 3 हजार 584 किसानों ने 259.065 हेक्टेयर रकबा समर्पित किया है।
धान खरीदी केंद्रों में भी जारी है कोविड जांच : कोरोना वायरस और नये वेरिएन्ट ओमीक्रान के संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को दृष्टिगत रखते हुए धान खरीदी केंद्रों में भी कोविड जांच की जा रही है, जिससे संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। धान उपार्जन केंद्रों में आने वाले सभी अधिकारियों-कर्मचारियों, किसानों, हम्मालों की रैंडम सैंपलिंग कर जांच की जा रही है।
पटना में 120 बोरी अवैध धान जप्त : प्रशासनिक टीम की ओर से पटना व गिरजापुर समिति के निरीक्षण के दौरान पटना में एक कृषक के द्वारा अन्य व्यक्ति का धान अपने खाते में खपाने के लिए लाये जाने की सूचना पर तुरंत जांच की गई। जांच उपरांत 120 बोरी धान जप्त किया गया। इसके साथ ही धान उपार्जन केंद्रों में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के स्प्ष्ट निर्देश दिए गए हैं।