लक्ष्य को पूरा करने 4 फरवरी तक चलाया जाएगा अभियान
सुकमा (वीएनएस)। पशुओं को ब्रुसेलोसिस से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के जरिए 4-8 माह के मादा बछिया को ब्रुसेलोसिस बीमारी से बचाने के लिए 5 जनवरी से टीकाकरण प्रारंभ किया गया है। इस 30 दिवसीय टीकाकरण अभियान में जिले को 22648 टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया है। जिसे 4 फरवरी 2022 तक प्राप्त टीकाकरण लक्ष्य को अभियान चलाकर शत प्रतिशत पूर्ण की जाएगी। पशुओं में होने वाले ब्रुसेलोसिस बीमारी की रोकथाम के लिए आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत राष्ट्रीय पशुरोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत 30 दिवसीय ब्रुसेलोसिस टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है। अभियान के अंतर्गत टीकाकरण एवं ईयर टैगिंग करके भारत सरकार की ऑनलाइन पोर्टल इनाफ पर पंजीकृत भी किया जा रहा है।
उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवायें डॉ. एस. जहीरुद्दीन ने बताया कि ब्रुसेलोसिस एक जीवाणु जनित खतरनाक लाइलाज पशुजन्य (जुनोटिक) रोग है। पशुओं से इंसानों में भी फैल सकती है। जिससे मनुष्य लम्बे समय तक संक्रमित रहता है। टीकाकरण अभियान में विभाग की ओर से टीकाद्रव रख-रखाव व आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए समस्त मैदानी संस्था प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। टीकाकरण के लिए सुकमा, छिंदगढ़ और कोंटा विकासखंड में टीकाकरण दल गठित किया गया है। यह दल प्रत्येक ग्राम के प्रत्येक घर में डोर-टू-डोर जाकर टीकाकरण का कार्य करेंगे। उन्होंने पशुपालकों से आव्हान करते हुए कहा है कि अभियान को सफल बनाने व पशुओं को ब्रुसेलोसिस जैसे घातक बीमारी से बचाने में विभाग का सहयोग करें।