नई दिल्ली (वीएनएस)। भारत ने विश्व व्यापार संगठन-डब्ल्यू टी ओ में विकासशील और गैर- विकसित देशों के हितों की रक्षा के लिए आवाज बुलंद की है। जिनेवा में संगठन के मंत्री स्तरीय 12वें सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे केन्द्रीय वाणिज्य तथा उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने विश्व व्यापार संगठन के विषम सुधार प्रस्ताव, विकासशील दुनिया के लिए विशेष और विभेदक उपचार प्रावधानों को बनाए रखने की अनिवार्य आवश्यकता, कोविड टीकाकरण में वैश्विक असमानताओं और खाद्यान्नों के सार्वजनिक भंडारण पर चिंता जताई।
मंत्री स्तरीय सत्र में आने वाली चुनौतियों पर बोलते हुए श्री गोयल ने कहा कि विश्व व्यापार संगठन में सुधार के मौजूदा प्रस्ताव विकासशील देशों के हितों के खिलाफ विषम प्रणाली को संस्थागत वास्तुकला को मौलिक रूप से बदल सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमें सहमति के मूल सिद्धांतो की रक्षा करते और संगठन के भविष्य के मुख्य एजेंडे पर लोगों तथा विकास को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ने की आवश्यकता है।