बीजापुर (वीएनएस)।जिले में किसानों के उच्चहन भूमि मरहान एवं टिकरा में धान के बदले अन्य लाभकारी फसल लेने के लिए अधिकाधिक किसानों को प्रोत्साहित करें और बीज एवं आदान सामग्री की सुलभता के साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड के जरिये फसल ऋण उपलब्ध कराया जाये। वहीं खाली पड़े भूमि में वृक्षारोपण महाभियान के तहत वृक्षारोपण करने के लिए समय पूर्व तैयारी सुनिश्चित किया जाये। मुख्यमंत्री जी की घोषणाओं का क्रियान्वयन सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करें। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार कटारा ने कलेक्टोरेट मे आयोजित समय-सीमा की बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा ने बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों के उच्चहन भूमि में धान के बदले दलहन-तिलहन, मक्का आदि लाभकारी फसल लेने सहित कोदो-कुटकी एवं रागी की पैदावार लेने के लिए किसानों को समझाईश दी जाये। इस दिशा में किसानों का चयन कर उन्हे बीज एवं आदान सामग्री की सुलभता के साथ ही फसल ऋण उपलब्ध कराया जाये। इन किसानों को अच्छा उत्पादन के लिए निरंतर कृषि परामर्श दी जाये। कलेक्टर श्री कटारा ने जिले में वृक्षारोपण महाभियान के तहत खाली पडे़ शासकीय भूमि सहित शासकीय कार्यालय परिसर, स्कूल, आश्रम-छात्रावास, आंगनबाड़ी केन्द्र परिसर में वृक्षारोपण किये जाने कहा। खाली पड़े भूमि में वृक्षारोपण के साथ फेसिंग एवं पानी तथा समुचित देखरेख की व्यवस्था किया जाये। जिले में वृक्षारोपण महाभियान के लिए समय पूर्व तैयारी सुनिश्चित किया जाये। इस ओर पौधों की सुलभता सुनिश्चित किया जाये। वहीं ग्रामीणों को उचित मूल्य दुकानों के जरिये पौधे वितरित कर उन्हे वृक्षारोपण कर देखरेख के लिए समझाईश दी जाये।