निर्माण कार्यो की धीमी गति देख अधिकारियों, ठेकेदारों पर नाराजगी जाहिर की
धमतरी (वीएनएस)। नवपदस्थ निगम आयुक्त विनय कुमार पोयाम पदभार ग्रहण करते ही प्रतिदिन सुबह आम जनता की बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने शहर का भ्रमण कर अधिकारियों को दिशा निर्देश दे रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह आयुक्त विनय कुमार नए बस स्टैंड, बठेना, नवागांव मणिकंचन केंद्र, नालों, निर्माण कार्यों में ऑडिटोरियम, बालक चौक कांपलेक्स जैसे बड़े प्रोजेक्टों का निरीक्षण किया। आयुक्त विनय कुमार ने बस स्टैंड में मौजूद शौचालय,रेन बसेरा एवं निगम कॉन्प्लेक्स का निरीक्षण कर कहा कि हर शहर का आईना होता है बस स्टैंड। इसलिए बस स्टैंड के शौचालय, रेन बसेरा,नालियों को नियमित रूप से प्रतिदिन साफ सफाई रखने एवं कचरा फैलाने वालों के खिलाफ अधिनियम के तहत चलानी कार्यवाही करने के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारी को दिये।
धमतरी शहर में 10 मणिकांचन केंद्र संचालित हैं। जहां महिलाएं प्रतिदिन डोर टू डोर कचरा इकठ्ठा कर निस्पादन की प्रक्रिया करती हैं। आयुक्त विनय कुमार एक एक कर सभी का निरीक्षण कर रहे हैं। शुक्रवार को बठेना ,नवागांव मणिकांचन केंद्र पहुंचकर स्वच्छता दीदियों से मिलकर उनके कार्यों की सराहना करते हुए यूजर चार्ज कलेक्शन पर जोर देने के निर्देश दिये। साथ ही नवागांव वार्ड में निर्माणधीन गोठान के कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कर गोबर खरीदी करने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन ऑडिटोरियम एवं बालक चौक कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण
आम जनता के हित में शहर को व्यवस्थित करने निर्माण हो रहे ऑडिटोरियम एवं बालक चौक कांपलेक्स का निरीक्षण आयुक्त विनय कुमार ने किया। निरीक्षण के दौरान दोनों निर्माण कार्यों की संपूर्ण जानकारी लेकर धीमी गति से चल रहे कार्यों से अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर करते हुए जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने करने के निर्देश दिये। आयुक्त विनय पोयाम ने अधिकारियों से स्पष्ट कर दिया कि जनता के हित में हो रहे कार्यों में देरी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों में लापरवाही करने पर कार्यवाही की जाएगी जिसकी जिम्मेदारी संबंधित के स्वयं की होगी।