धमतरी (वीएनएस)। भारतीय जनता युवा मोर्चा के भोथली मंडल के अध्यक्ष धनेंद्र साहू के नेतृत्व में बेतरतीब तरीके से ग्रामीण क्षेत्रों की सडक़ों पर दौड़ रहे हाईवा वाहन तथा निरंतर हो रही दुर्घटनाओं के संबंध में जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया गया था। हाईवा के कारण ग्रामीण क्षेत्रों की सडक़ों की दुर्दशा पर मोर्चा का आक्रोश कलेक्टर कार्यालय में प्रदर्शन के दरमियान फूट पड़ा जिसमें उन्हें वरिष्ठ के साथ-साथ मोर्चा के जिलाध्यक्ष विजय मोटवानी ,महामंत्रीद्व्य अविनाश दुबे, चेतन साहू के साथ ही सभी पदाधिकारियों का भी पूरा सहयोग प्राप्त हुआ। इसी दरमियान श्री मोटवानी चोटिल भी हो गए थे। परिणाम स्वरुप यह हुआ कि प्रशासन बिना विलंब किए कार्यवाही करते हुए कलेक्टर एल्मा ने पुलिस अधीक्षक को हाईवे पर नियंत्रण किए जाने हेतु पत्र प्रेषित किया। साथ ही युवा मोर्चा के ज्ञापन में दिए हुए सडक़ों की मरम्मत की बात भी लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभाग को निर्देशित किया। विशेष रूप से कोलियारी ,खरेगा, दोनर मार्ग सहित देवपुर से लेकर कंडेल, पीपरछेड़ी, सांकरा तथा यहीं से छाती व अन्य गांव से होकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मिलने वाली सडक़ें शामिल है। भाजयुमो ने प्रदर्शन के दौरान प्रशासन को अतिशीघ्र कार्यवाही ना होने पर फिर से आंदोलन किए जाने का अल्टीमेटम दिया था। मोर्चा के जिलाध्यक्ष विजय मोटवानी ने कहा है कि कोई भी जंग हथियार से नहीं हौसलों से जीती जाती है जिसका जीता जागता उदाहरण युवा मोर्चा का क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को लेकर किया गया मुखर संघर्ष है जिसमें युवाओं के उत्साह वर्धन के लिए वरिष्ठो का भी सहयोग प्राप्त हुआ था। भाजयुमो मंडल अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने कहा कि रेत के खेल में ग्रामीण व्यवस्थाओं तथा जनजीवन को को बिगाड़ कर रख दिया है जिसमें बदहाल सडक़े तथा बेतरतीब तरीके से प्रतिबंधित मार्ग पर दौड़ रही हाईवा वाहन प्रमुख रूप से जन जीवन के लिए खतरा बने हुए हैं। जिस की ओर युवा मोर्चा तथा विभिन्न गांव के ग्रामीण द्वारा निरंतर शासन प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जा रहा था। भविष्य में भी आम जनता की समस्याओं का मुखर आवाज युवा मोर्चा बुलंद करता रहेगा। ग्रामीण स्तर पर किए गए इस आंदोलन में आम जनमानस की समस्याओं को समीप से समझते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामू रोहरा, झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक महेंद्र पंडित, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष नरेंद्र रोहरा ,पूर्व सभापति राजेंद्र शर्मा, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष विजय साहू, श्यामा साहू भी पूरे प्रदर्शन में अपनी उपस्थिति देते रहे।