नई दिल्ली (वीएनएस)। राष्ट्रपति चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आते जा रहे हैं, वैसे-वैसे सियासी गतिविधियां भी बढ़ती जा रही हैं। इस बीच एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी और झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू आज अपना नामांकन दाखिल करेंगी। जानकारी के मुताबिक, वह 12 बजे संसद भवन में अपना नामांकन करेंगी। इस दौरान उनके साथ पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। वहीं विपक्ष की ओर से उम्मीदवार यशवंत सिन्हा 27 जून को नामांकन कर सकते हैं।
एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के नामांकन को लेकर भाजपा के कई नेता संसर भवन पहुंच चुके हैं। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संसद भवन पहुंच चुके हैं। राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू के रूप में भाजपा की ओर से खेले गए आदिवासी कार्ड का असर दिखना शुरू हो गया है। मुर्मू की उम्मीदवारी की घोषणा के बाद विपक्ष में दरार पड़नी शुरू हो गई है। इस क्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) और जदएस ने विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा की जगह मुर्मू को समर्थन देने का मन बना लिया है। दोनों दल जल्द ही इस आशय की आधिकारिक घोषणा करेंगे।
वाईएसआरसीपी ने दिया समर्थन
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का एलान किया है। हालांकि, नामांकन के वक्त वह खुद मौजूद नहीं होंगे। उनकी तरफ से पार्टी के सांसद विजय साई रेड्डी व मिधुन रेड्डी मौजूद रहेंगे।
सीएम शिवराज बने पहले प्रस्तावक
द्रौपदी मुर्मू के नामांकन के लिए केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के आवास पर प्रस्तावक और समर्थक के तौर पर नॉमिनेशन पेपर पर हस्ताक्षर किए गए। मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान नामांकन पत्र में पहले प्रस्तावक बने। उन्होंने ट्वीट कर कहा, मेरा परम सौभाग्य है कि भारत की जनजातीय समाज की पहली और देश की द्वितीय महिला राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के नामांकन पत्र में प्रथम समर्थक के रूप में हस्ताक्षर करने का अवसर प्राप्त हुआ।