चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हो रहा है भारतीय नागरिक उड्डयन क्षेत्र : सिंधिया

Posted On:- 2022-03-26



नई दिल्ली (वीएनएस)। नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा कि सरकार उड्डयन क्षेत्र के सभी हितधारकों के साथ एक रचनात्मक सहयोगी होगी और देश में नागरिक उड्डयन के विकास के लिए उनके साथ काम करेगी। हैदराबाद के बेगमपेट हवाई अड्डे पर विंग्स इंडिया 2022 का औपचारिक उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि, हम वर्गाकार मेज में विश्वास नहीं करते हैं, हम इस क्षेत्र और समग्र रूप से अपने देश की सफलता सुनिश्चित करने के लिए अपने मंत्रालय में गोलमेज सम्मेलन में विश्वास करते हैं।

वाणिज्यिक, सामान्य और व्यावसायिक उड्डयन के लिए एशिया के सबसे बड़े कार्यक्रम विंग्स इंडिया 2022 का आयोजन 'इंडिया@75: न्यू होराइजन फॉर एविएशन इंडस्ट्री' थीम के साथ हो रहा है। कल शुरू हुए इस कार्यक्रम का आयोजन नागरिक उड्डयन मंत्रालय और फिक्की द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।

उद्घाटन सत्र में जीन बैप्टिस्ट डीजेब्बारी, परिवहन राज्य मंत्री, पर्यावरणीय पारगमन मंत्री, फ्रांस; एनगमपासोंग मुओंगमनी, लोक निर्माण और परिवहन उप मंत्री, लाओस; प्रेम बहादुर अली, संस्कृति, पर्यटन और नागरिक उड्डयन मंत्री, नेपाल; डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन, तेलंगाना के राज्यपाल और पुडुचेरी के उपराज्यपाल; दुष्यंत चौटाला, हरियाणा के उपमुख्यमंत्री; और नाकप नालो, नागरिक उड्डयन मंत्री, अरुणाचल प्रदेश शामिल हुए।

उद्घाटन सत्र के दौरान मंच पर भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय में सचिव राजीव बंसल, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष संजीव कुमार, नागरिक उड्डयन मंत्रालय में संयुक्त सचिव श्रीमती उषा पाधी, फिक्की नागरिक उड्डयन समिति के अध्यक्ष और एयरबस समूह के अध्यक्ष और एमडी रेमी माइलर्ड मौजूद थे। इस कार्यक्रम में केंद्र सरकार और विभिन्न राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारियों, विमानन क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों के सीईओ और अन्य हितधारकों ने भी भाग लिया।