मुंबई (वीएनएस)। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने 25 मार्च 2022 को आईएनएस वलसुरा को प्रतिष्ठित 'प्रेसिडेंटस कलर' यानी 'राष्ट्रपति निशान' प्रदान किया। 'निशान अधिकारी' लेफ्टिनेंट अरुण सिंह संब्याल ने एक प्रभावशाली परेड में अपनी यूनिट की ओर से राष्ट्रपति निशान को प्राप्त किया। इस यूनिट ने राष्ट्रपति के लिए 150 पुरुषों की गार्ड ऑफ ऑनर परेड प्रस्तुत की। अपने औपचारिक परिधानों में अद्भुत दिख रहे आईएनएस वलसुरा के 800 से अधिक अधिकारियों और जवानों ने नौसेना बैंड की धुन पर गर्व के साथ मार्च किया।
गुजरात के राज्यपाल श्री आचार्य देवव्रत, नौसेनाध्यक्ष एडमिरल आर. हरि कुमार, दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल एमए हम्पीहोली और अन्य वरिष्ठ नागरिक एवं सैन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
शांति और युद्ध, दोनों समय में राष्ट्र को प्रदान की गई असाधारण सेवा के सम्मान में किसी सैन्य इकाई को राष्ट्रपति निशान प्रदान किया जाता है। भारतीय नौसेना पहली भारतीय सशस्त्र सेना थी, जिसे 27 मई 1951 को डॉ. राजेंद्र प्रसाद द्वारा राष्ट्रपति निशान से सम्मानित किया गया था।
आईएनएस वलसुरा की विरासत 1942 जितनी पुरानी है, जब द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान रॉयल इंडियन नेवी की मारक क्षमता बढ़ाने के लिए परिचालन आवश्यकता को देखते हुए एक उन्नत टॉरपीडो प्रशिक्षण स्कूल का निर्माण जरूरी हो गया था। भारत के गणतंत्र बनने के बाद, इस यूनिट का नाम बदलकर 01 जुलाई 1950 को आईएनएस वलसुरा कर दिया गया। इसके बाद से आईएनएस वलसुरा ने खुद को पेशेवर तकनीकी प्रशिक्षण के एक प्रतीक के रूप में परिवर्तित किया है, और भारतीय नौसेना की आधुनिकीकरण योजनाओं के साथ कदमताल करते हुए ये तेजी से विकसित हुआ है।