नई दिल्ली (वीएनएस)। खादी, जिसे आजादी के ताने-बाने के साथ-साथ स्वदेशी, टिकाऊपन और सादगी का भी प्रतीक माना जाता है, ने नई दिल्ली में चल रहे लक्मे फैशन वीक 2022 में एक विशेष प्रस्तुति के साथ वैश्विक फैशन जगत में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने खादी इंडिया के लिए सभी के आकर्षण का केंद्र बनकर रैंप वॉक किया। इस अवसर पर बड़े ही आकर्षक ढंग से उनका साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित छह डिजाइनरों यथा मोसी ट्रोरे, अभिषेक गुप्ता बनारस, अनाविला, अंजू मोदी, चारु पाराशर और रीना ढाका ने भी दिया। यह पहली बार हुआ है कि पेरिस के एक अंतरराष्ट्रीय डिजाइनर मोसी ट्रोरे ने खादी फैशन शो में भाग लिया है। मोसी ने अपने डिजाइनों में वास्तु-संबंधी रूपरेखा के साथ सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
यह दूसरी बार हुआ है जब खादी ने लक्मे फैशन वीक में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है; इससे पहले वर्ष 2018 में ऐसा देखने को मिला था। खादी इंडिया शो का आयोजन भारतीय फैशन डिजाइन परिषद (एफडीसीआई) द्वारा किया गया। एमएसएमई राज्य मंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा, केवीआईसी के अध्यक्ष विनय कुमार सक्सेना और एमएसएमई सचिव बी बी स्वैन इस अवसर पर उपस्थित थे।