विधायक कमरो ने कुशहा गौठान में स्वसहायता समूह की महिलाओं से मुलाकात कर बेहतर काम करने किया उत्साहवर्धन

Posted On:- 2022-03-26



महिलाओं के सशक्तिकरण का माध्यम बन रहे गौठान, वर्मी कम्पोस्ट निर्माण और मशरूम उत्पादन की आजीविका का विधायक ने किया अवलोकन

कोरिया (वीएनएस)। सरगुजा विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष व विधायक गुलाब कमरो ने शनिवार को विकासखंड सोनहत स्थित कुशहा गौठान में स्वसहायता समूह की महिलाओं से मुलाकात कर समूह की ओर से संचालित आजीविका गतिविधियों का जायजा लिया और उन्हें इसी तरह बेहतर काम करने प्रोत्साहित किया और स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ने पर शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि गौठान महिलाओं के सशक्तिकरण का माध्यम बन चुके हैं। गौठानों में संचालित विभिन्न आजीविका मूलक गतिविधियों से महिलाओं ने अपनी नई पहचान कायम की है। ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होकर अपने परिवार की मदद करने में सक्षम हुई हैं। महिलाएं घर से बाहर निकलकर उत्पाद निर्माण, और इसकी मार्केटिंग जैसे व्यापारिक गुणों को सीख रही हैं और बेहतर तरीके से समझ रही हैं।

विधायक कमरो ने वर्मी कम्पोस्ट निर्माण की प्रक्रिया का अवलोकन कर इसकी जानकारी समूह से ली। कुशहा गौठान में वर्मी खाद उत्पादन में संलग्न लक्ष्मी स्वसहायता समूह की महिलाएं काम कर रही हैं। इस समूह में 10 महिलाएं काम कर रही हैं। अब 5 सौ क्विंटल से ज्यादा खाद का विक्रय किया जा चुका है। वर्मी खाद के विक्रय से समूह को अच्छी आमदनी भी प्राप्त हुई है। अब समूह की महिलाएं वर्मी निर्माण के साथ ही मशरूम उत्पादन की आजीविका के प्रति आगे बढ़ रही हैं। विधायक कमरो ने मशरूम उत्पादन व वर्मी कम्पोस्ट खाद तैयार कर रही स्व सहायता समूह की महिलाओं से से बात कर उनसे आजीविका, क्रियान्वयन और आमदनी की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने गौठान परिसर में मां वैष्णो समूह की ओर से बकरी मुर्गी पालन की गतिविधि का भी जायजा लिया। इस अवसर पर एसडीएम सोनहत व सीईओ जनपद पंचायत तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं खण्ड स्तरीय अधिकारी-कमर्चारी मौजूद रहे।