2023 के विस चुनाव में प्रचंड बहुमत से भाजपा को जिताएंगे : बृजमोहन

Posted On:- 2022-03-26



रायपुर (वीएनएस)। भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता होली को उमंग और उत्साह से मनाएं और इस बात का संकल्प ले कर जाएं कि 2023 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत से जिताना है और प्रदेश में कांग्रेस की भ्रष्ट एवं तानाशाह सरकार को उखाड़ फेंकना है।

बृजमोहन अग्रवाल शनिवार को सिलियारी (धरसींवा) में आयोजित विधानसभा स्तरीय होली मिलन समारोह में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि होली हमें आपसी भाई-चारा सामाजिक समरसता सिखाती है। धरसीवां के मतदाताओं ने पिछले चुनाव में जो परिणाम दिए थे उसे अब फिर से बदलने का समय आ गया है। पिछले तीन सालों में आपके गाँवों में विकास की एक ईंट भी नहीं रखी गई है। ग्रामीण अर्थ व्यवस्था छिन्न-भिन्न हो गई है। विकास पूर्णतः अवरुद्ध हो गया है। गाँव के विकास के सारे पैसे इनके भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहे हैं। कांग्रेस ने गाँव-गाँव, गली-गली में गांजा और शराब की नदिया बहा दी है। किसान बच्चों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। सरकार ने सोच लिया है कि 25 सौ देकर किसानों को खरीद लिया है। कृषि की सारी योजनाएं बंद हैं।

विधायक अग्रवाल ने कहा कि उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर व गोवा के चुनाव में प्रचंड जीत के बाद इस होली का रंग और उत्साह दुगना हो गया है। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को आज प्रण लेना है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की तरह छत्तीसगढ़ में भी भाजपा को प्रचंड बहुमत से सरकार बनायेगे, कांग्रेस की भ्रष्ट व तानाशाह सरकार को उखाड़ फेंकेगे और होली को इसी तरह उल्लास से मनाएंगे। प्रदेश को विकास के शिखर पर ले जाकर जनता के जीवन में फिर व्यापक परिवर्तन लाएंगे। होली मिलन समारोह में धरसीवा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, अंजय शुक्ला, बॉबी कश्यप, प्रभारी प्रहलाद रजक, मंडल अध्यक्ष धरसींवा कुमार वर्मा, मंडल अध्यक्ष विधानसभा रोबिन साहू, अध्यक्ष खरोरा नरेंद्र ठाकुर सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।