भिलाई (वीएनएस)। दुर्ग सांसद विजय बघेल की पहल पर रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव ने जिस प्रकार से सकारात्मक संकेत दिया है उसके हिसाब से सब कुछ ठीक रहा तो आने वाले दिनों में दुर्ग रेलवे स्टेशन को इस बार नई ट्रेनों की सौगात मिल सकती है। दुर्ग से विजयनगरम होकर आंध्र प्रदेश के पलासा तक नई एक्सप्रेस ट्रेन का जहां परिचालन हो सकता है, वहीं रीवा से बिलासपुर के बीच चलने वाली ट्रेन का दुर्ग तक विस्तार किया जा सकता है।
दुर्ग लोकसभा के सांसद विजय बघेल ने रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से दिल्ली में मुलाकात कर रीवा से बिलासपुर के बीच चलने वाली ट्रेन को दुर्ग तक विस्तार एवं दुर्ग से पलासा बरहमपुरम तक वाया विजयनगरम नई एक्सप्रेस प्रारंभ किए जाने की मांग की । सांसद विजय बघेल ने कहा कि पूर्व में भी उन्होंने रेल मंत्री पीयूष गोयल से मिलकर दुर्ग से रेल सुविधाओं में बढ़ोतरी की मांग की थी।
उल्लेखनीय है कि ट्रेन नंबर 18247 जो बिलासपुर से रीवा के बीच चलती है। दुर्ग लोकसभा के हजारों लोग जो छत्तीसगढ़ में निवास करते हैं ने सांसद विजय बघेल से मिलकर ज्ञापन सौंपकर बिलासपुर रीवा ट्रेन को दुर्ग से चलाने की मांग की थी। सांसद विजय बघेल ने रेल मंत्री को अवगत कराया कि दुर्ग से पलासा बरहमपुरम तक वाया विजयनगरम नई एक्सप्रेस रेल सुविधा प्रारंभ किए जाने के लिए वर्षों से आंध्र उत्कल संघर्ष समिति के जनप्रतिनिधि मांग करते आ रहे हैं। जनता की मांगों को ध्यान में रखते हुए सांसद ने रेल मंत्री को संज्ञान दिलाते हुए रेल सुविधाओं में शीघ्र विस्तार करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों में आंध्र उत्कल समाज के लाखों लोग निवास करते हैं इनमें अधिकांश तटीय आंध्रप्रदेश के श्रीकाकुलम एवं सीमावर्ती उड़ीसा राज्य के निवासी हैं अपने पैतृक गांव आने जाने मे सामाजिक कार्यों में सम्मिलित होने के लिए नई सुविधा की आवश्यकता है वर्तमान में चल रहे रेलों में अत्यधिक दबाव रहने के कारण यात्री सुविधाएं बढ़ाया जाना अति आवश्यक है ताकि आम जनमानस को राहत प्रदान हो सके।
इस मांग को लेकर कई वर्षों से आंध्र उत्कल संघर्ष समिति के जनप्रतिनिधियों एवं रेल प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है व आंध्र उत्कल समिति के जनप्रतिनिधियों ने समय-समय पर धरना प्रदर्शन वर्षों से करते आ रहे हैं। उनकी मांगों को जायज ठहराते हुए सांसद विजय बघेल ने दुर्ग से पलासा बरहमपुरम तक वाया विजयनगरम नई एक्सप्रेस रेल सुविधा एवं बिलासपुर रीवा ट्रेन को दुर्ग से चलाने के लिए शीघ्र से शीघ्र पहल किए जाने की मांग की है।