रायपुर (वीएनएस)। साधन पतन की ओर ले जाता है। साधना उत्थान करती है। लोग इस मामूली से अंतर को नहीं समझ पाते और दुर्लभ मानव जीवन व्यर्थ ही गंवा देते हैं। लालगंगा पटवा भवन में आयोजित दीक्षा अनुमोदन समारोह के दूसरे दिन गौरव मुनि ने उपरोक्त विचार रखे। इस दौरान आचार्य विजयराज म. सा. की सुशिष्या प्रभावती म.सा. आदि ठाणा भी उपस्थित रहीं। उन्होंने भी अपने प्रवचन के जरिए समाज को संयम पथ पर चलने की प्रेरणा दी।
गौरव मुनि ने आगे कहा, आज इस धर्मसभा में 2 उदाहरण हमारे सामने उपस्थित हैं। एक 22 वर्षीय मुस्कान और दूसरे 77 साल के तेजकरण बैद जो संयम के जरिए अपने इस जीवन को सफल बनाने जा रहे हैं। कहने का तात्पर्य यह है कि साधना के लिए उम्र, वक्त जैसा कोई बंधन नहीं है। कोई भी व्यक्ति कभी भी साधना के मार्ग पर चल सकता है। साधन की बात करें तो तमाम तरह के बंधन इससे जुड़े होते हैं। बावजूद इसके सांसारिक मनुष्यों को साधन का मार्ग ही भाता है। असल में यह समझदारी का मामला है। याद करिए, आपको कोई ऐसा महापुरुष याद आता हो जिसमे साधन का मार्ग अपनाया था! नहीं, ऐसा इसलिए क्योंकि महापुरुष वही कहलाए जिन्होंने साधन का त्याग किया और साधना को अपनाया। इस दौरान उन्हें भी कई परेशानियां का सामना करना पड़ा। उन्होंने समभाव से उन तकलीफों को सहा और अमर हो गए। समस्या यह है कि यदि कोई बोर्ड लगा दे रहना-खाना फ्री है तो वहां लोगों की भीड़ उमड़ पड़ेगी। वहीं धर्म स्थान पर कोई रहने-खाने का फ्री इंतजाम कर दे वहां पटवा भवन में रहना-खाना फ्री हो तो यहां उतने लोग नहीं पहुंचेंगे। संपत्ति का लोभ छोड़ें और धर्म में मन लगाएं। उद्धार तभी होगा।
जाप जहां छूटा, गिनती वहीं से शुरू करते हैं, नोट छूट जाए तो दोबारा पूरा गिनते हैं गौरव मुनि ने कहा, भगवान महावीर बचपन में ही साधना मार्ग पर चले हम तो पचपन में पहुंचकर भी उस दिशा में प्रयास नहीं कर रहे हैं। महावीर स्व साधना में इस इस कदर डूबे कि साढ़े 12 वर्ष लगातार ध्यान करते रहे। हमारा ये हाल है कि हम 12 मिनट भी ढंग से साधना नहीं कर सकते। इसका प्रमाण ये है कि अगर आप कोई माला जप रहे हैं और बीच में किसी वजह से वह छूट जाए तो हम दोबारा गिनती वहीं से शुरू करते हैं जहां से माला छूटी थी पर जब नोट गिनते समय ऐसी अड़चन आ जाए तो हम दोबारा वहीं से गिनती शुरू नहीं करते, बल्कि नए सिरे से गिनने लगते हैं। हमारा यह व्यवहार ही बताता है कि हम साधन को अधिक महत्व देते हैं या साधना को।
मुमुक्षुओं की शोभायात्रा रविवार को दीक्षा महोत्सव समिति और रायपुर श्रमण संघ के अध्यक्ष ललित पटवा ने बताया कि मुमुक्षु तेजकरण बैद और मुमुक्षु मुस्कान बागमार की दीक्षा के अवसर पर रविवार सुबह 7.30 बजे शैलेंद्र नगर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी जो आसपास के इलाकों का भ्रमण करते हुए टैगोर नगर स्थित लालगंगा पटवा भवन पहुंचकर समाप्त होगी। यहां प्रवचन सभा के बाद कुमकुम छाटना जैसी रस्में निभाई जाएंगी। इस मौके पर गौतम प्रसादी की व्यवस्था जीसी, कीर्ति व कमलेश जैन परिवार की ओर से की गई है। तेजकरण की की दीक्षा 3 अप्रैल को चरौदा स्थित मंगल साधना केंद्र मंगलम् में होगी। दीक्षा समारोह का आयोजन 1 अप्रैल से किया गया है। दीक्षा समारोह के लाभार्थी हुकमचंद, अशोक कुमार पटवा, कमलचंद पटवा, ललित पटवा परिवार हैं।