फिल्म के 35 फीसदी हिस्से को परेश रावल के साथ किया शूट

Posted On:- 2022-03-27



मुंबई (वीएनएस)। इंडस्ट्री के दिग्गज दिवंगत एक्टर ऋषि कपूर की आखिरी फिल्म 'शर्माजी नमकीन' अगले हफ्ते अमेजन प्राइम पर रिलीज हो रही है। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान ही ऋषि बीमार पड़े थे। फिर कोविड का दौर आ गया था। उसके बाद ऋषि फिल्म रिज्यूम कर अपना काम पूरा करते, उससे पहले ही उनका निधन हो गया था। आगे वह शर्माजी वाला किरदार परेश रावल ने निभाया है। यह हिंदी की पहली ऐसी फिल्म है, जहां एक ही किरदार दो दिग्गज कलाकारों ने प्ले किया। शर्माजी के बेटों की भूमिका में सुहेल नय्यर और तारुक रैना हैं। सुहेल ने ऋषि कपूर के उस आखिरी काम के बारे में कई यादगार जानकारियां दैनिक भास्कर से शेयर कीं।

सुहेल ने कहा, "ऋषि कपूर ने तकरीबन 65 फीसदी हिस्सा शूट कर लिया था। उसके बाद परेश रावल बोर्ड पर आए। हालांकि, परेश ही इसे करेंगे, उस पर मेकर्स ने फैसला लेने में लंबा वक्त लिया। कुछ आठ से नौ महीने लगे कि इसे पूरा करना है तो कैसे करना है? क्या पूरी फिल्म रीशूट की जाए या एनिमेशन की हेल्प ली जाए? बीच में बात ये भी हुई थी कि रणबीर कपूर पर प्रोस्थेटिक्स डाल वह रोल पूरा किया जाए। फिर फाइनली मेकर्स ने फैसला लिया कि हम यह ऑडियंस पर छोड़ते हैं कि वह किरदार किसी और कलाकार से प्ले करवाया जाए। सौभाग्य से ऐसा हुआ भी है। एक पॉइंट के बाद लगता नहीं है कि शर्माजी को दो अलग - अलग लोग प्ले कर रहे हैं।''

खाने-पीने की बातों से सेट पर एक्टर्स को सहज करते थे ऋषि: ऋषि कपूर की सीनियोरिटी के चलते सुहेल और तारुक उनसे बहुत डरे रहते थे। फिर ऋषि ने खुद ही उन्हें कंफर्टेबल किया। सुहेल बताते हैं, "उन्हें लगने लगा था कि हम उनसे सहज नहीं हो पा रहे। लिहाजा उन्होंने शूट ब्रेक में हमसे खाने के टॉपिक पर बातें करनी शुरू कीं। खाने के अलावा क्रिकेट और करेंट अफेयर्स वो बातें करने लगे। वो कश्मीर में अपनी शूटिंग से जुड़े किस्से शेयर किया करते थे कि कैसे कश्मीर की लोकल डिश नाद्रु यखनी खाया करते थे। अमूमन उनकी सारी बातचीत खाने के अराउंड हुआ करती थी।"

परेश रावल ने शर्माजी के रोल को दिया अपना रंग: ऋषि ने सुहेल की स्किल जानने के लिए उसकी फिल्म 'होटल मुंबई' भी देखी। सुहेल ने बताया, "उन्होंने उसके बाद मेरा नंबर भी लिया। उन्होंने तारुक रैना का नंबर भी लिया था। उन्होंने वजह भी बताई थी कि वो फिर कहीं किसी मेकर को हमारे नाम रेफर कर सकें। हालांकि वह हमारी आखिरी बातचीत साबित हुई। आगे जब परेश रावल जी ने उनका रोल टेकओवर किया तो उन्होंने कहा कि वो इस रोल को पूरा ड्यू क्रेडिट देंगे। उसकी खातिर वो ऋषि कपूर जी की मिमिक्री नहीं करेंगे। इसके बजाय वे उस रोल को अपना रंग देंगे।