रायपुर (वीएनएस)। भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव समिति के अध्यक्ष महेन्द्र कोचर ने समाज में दीर्ध अनुभवों के धनी उत्तम चंद गिडिया व प्रेमचंद लुणावत को विशेष संरक्षक मनोनीत किया है। सकल जैन समाज आगामी 14 अप्रेल को महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव मनाएगा। भगवान महावीर के सन्देशों को घर घर प्रचारित करने 30 मार्च से 15 दिवसीय प्रभातफेरी का आयोजन किया जा रहा है। प्रभातफेरी के प्रभारी साधुमार्गी जैन समता युवा संघ मनोनीत किया गया है। समता युवा संघ के अध्यक्ष आदित्य सुराना व सचिव अजय रायसोनी ने बताया कि राजधानी रायपुर के 15 क्षेत्रों में बैठक कर प्रभातफेरी के रूट तय किये गए हैं। प्रतिदिन प्रातः 6.30 बजे से भगवान महावीर का शुभ संदेश जियो और जीने दो, अहिंसा परमो धर्म के नारों के साथ जन-जन को जागृत किया जाएगा।
आदित्य सुराना ने बताया कि प्रभातफेरी के समापन स्थल पर भगवान महावीर स्वामी से संबंधित 5 प्रश्न किए जाएंगे, सही उत्तर पर चांदी के सिक्के से पुरस्कृत किया जाएगा। भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव समिति व साधुमार्गी समता युवा संघ द्वारा महावीर के संदेशों व नशामुक्ति के प्रचार के लिए रथ बनाया गया है।
उक्ताशय की जानकारी समिति के महासचिव मनोज कोठारी ने दी। भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव समिति के मुख्य सलाहकार विजय चोपड़ा व कमल भंसाली कोषाध्यक्ष गुलाब दस्सानी ने बताया कि 30 मार्च को प्रभातफेरी समता परिसर से आरम्भ होकरऋषभ रेसीडेंसी होते हुए द्रोडाचार्य स्कूल केनाल रोड़ क्रॉस करके न्यू राजेन्द्र नगर मेन रोड होकर वर्धमान नगर भ्रमण करते हुए वर्धमान जिनालय पहुँचेगी।