जिन शासन के जयकारों के साथ शाही ठाठ से निकली मुमुक्षुओं की शोभायात्रा

Posted On:- 2022-03-27



रायपुर (वीएनएस)। दो मुमुक्षु जो सांसारिक जीवन छोड़कर संयम मार्ग पर चलने वाले हैं। रविवार को शहर उनकी ऐतिहासिक शोभायात्रा का साक्षी बना। सुबह 7.30 बजे जिन शासन के जयकारों के साथ शैलेंद्र नगर से निकली इस भव्य यात्रा में बग्घी पर सवार मुमुक्षु तेजकरण बैद और मुस्कान बागमार के आगे-आगे जहां साधु-संत चल रहे थे तो पीछे पूरा जैन समाज। यात्रा जहां-जहां से गुजरी, लोगों ने बड़े ही उत्साह के साथ स्वागत किया। टैगोर नगर स्थित लालगंगा पटवा भवन पहुंचकर यह शोभायात्रा सभा में तब्दील हो गई, जहां संतों ने अपने प्रवचन और समाज ने गीत-संगीत के जरिए मुमुक्षुओं के संयम जीवन की अनुमोदना की।

दीक्षा महोत्सव समिति के अध्यक्ष ललित पटवा ने बताया कि दीक्षा अनुमोदना समारोह गौरव मुनि मसा के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ। सुबह वरघोड़ा और धर्मसभा के बाद 'केसर छांटना' रस्म निभाई गई। श्रद्धालुओं से खचाखच पटवा भवन में इस मौके पर लाभार्थी परिवारों ने मुमुक्षुओं पर केसर की बरसात की तो वातावरण केसर की महक के साथ आध्यात्मिकता के रंग से सराबोर हो उठा। इस दौरान एक ओर जहां मंगल गीत गूंज रहे थे तो दूसरी ओर जिनशासन के जयकारे। इस तरह समाज ने अनंत भाव के साथ मुमुक्षुओं के संयम जीवन की अनुमोदना की। कार्यक्रम के बाद गौतम प्रसादी की व्यवस्था भी की गई थी जिसके लाभार्थी जीसी जैन, कीर्ति जैन, कमलेश जैन परिवार रहे। भगवती दीक्षा 1 अप्रैल से मंगलम् में

77 वर्षीय तेजकरण बैद की दीक्षा के लिए चरौदा स्थित मंगल साधना केंद्र 'मंगलम्' में तीन दिवसीय समारोह का आयोजन किया गया है। इसकी शुरुआत 1 अप्रैल से होगी। मुख्य दीक्षा 3 अप्रैल को होगी। इस दिन छत्तीसगढ़ प्रवर्तक रतन मुनि महाराज साहब के हाथों तेजकरणजी की दीक्षा होगी और वे संत बन जाएंगे। दीक्षा समारोह के लाभार्थी श्रीमति शकुंतला हुकमचंद, अशोक कुमार, कमलचंद, ललित पटवा परिवार हैं।