नई दिल्ली। केंद्रीय विश्वविद्यालयों में इस साल से कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेस्ट (सीयूईटी) के जरिए ही दाखिला देने के विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के एलान के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने इसे लेकर पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत केंद्रीय विश्वविद्यालयों में दाखिले के लिए अब दो अप्रैल से आवेदन की प्रकिया शुरू हो जाएगी। जो 30 अप्रैल तक चलेगी। परीक्षा की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि यह जुलाई में होगी।
खासबात यह है कि सीयूईटी को अभी सिर्फ सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में दाखिले के लिए अनिवार्य किया गया है, लेकिन यूजीसी की कोशिश है कि इससे देश भर के सभी राज्य विश्वविद्यालय, डीम्ड विश्वविद्यालय और निजी विश्वविद्यालयों भी जुड़े। यूजीसी ने इस संबंध में सभी राज्य विश्वविद्यालयों, डीम्ड व निजी विश्वविद्यालयों को न्यौता दिया है कि वह इस टेस्ट से जुड़े। इससे छात्रों और उनके संस्थानों दोनों को फायदा होगा। इस बीच सीयूईटी को लेकर एनटीए ने जो कार्यक्रम जारी किया है, उसके तहत छात्र दो से तीस अप्रैल के बीच सीयूईटी की वेबसाइट पर जाकर आनलाइन आवेदन कर सकेंगे।