
कोरिया (वीएनएस)। जिले में पंचायत स्तर पर चल रहे समाधान तुंहर दुआर शिविर में राजस्व प्रकरणों के मौके पर निराकरण से ग्रामीण जनता को बेहद सहूलियत हो रही है। आवेदन प्राप्त होने के दूसरे दिन से ही प्रशासनिक टीम ने ग्रामीण सुविधाओं से जुड़े मामलों के निराकरण की कार्यवाही शुरू कर दी है।
कलेक्टर के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों के निरीक्षण के लिए सोमवार को अपर कलेक्टर सुखनाथ अहिरवार ने ग्राम पंचायत सरडी में शिविर में पहुंचकर ई- केवायसी की जानकारी ली और 15 दिन में सभी प्रकरणों को पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व निरीक्षक को नक्शा दुरुस्ती के लिए पटवारियों की टीम गठित कर समय पर कार्य पूर्ण कराने कहा और अभियान चलाकर कार्य करने के लिए निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान अहिरवार ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने राजस्व मामलों, फौती नामांतरण, बंटवारा, अभिलेख दुरुस्ती, बी-1 की प्रति, ऋण पुस्तिका, जाति प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र, राशन कार्ड, ई-केवायसी आदि से संबंधित आवेदन लेकर पहुंचे लोगों से संवाद किया।
राशन कार्ड और वन भूमि पट्टा से संबंधित मामलों का शिविर स्थल पर ही हुआ निराकरण : शिविर में राशन कार्ड का आवेदन लेकर आयीं मधुकुमारी एवं मोहेलाल द्वारा वन भूमि पट्टा से सम्बंधित आवेदन का शिविर स्थल पर ही निराकरण किया गया।