बैंक कर्मचारियों की हड़ताल से आम लोगों को हुई बहुत परेशानी

Posted On:- 2022-03-28



रायपुर (वीएनएस)। जैन संवेदना ट्रस्ट ने  बैंक कर्मचारियों के  वर्ष के अंतिम सप्ताह में 28 और 29 मार्च को बैंक हड़ताल घोषित करने के कारण आम जनों को आ रही परेशानियों के मद्देनजर वित्तीय वर्ष की क्लोज़िंग को एक माह बढ़ाने की माँग की है। जैन संवेदना ट्रस्ट के महेन्द्र कोचर और विजय चोपड़ा ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2021 - 22 के अप्रेल और मई माह में कोरोना की दूसरी लहर के कारण अनेक राज्यों में लॉक डाऊन की स्थिति थी।

इसके साथ ही दिसंबर से फरवरी 2022 तक ओमिक्रोन के कारण भी देश के अनेक राज्यों में लॉक डाऊन या लोगों में भय का माहौल व्याप्त था । इस भयावह स्थिति के कारण आमजन अपने वित्तीय लेन देन हेतु बैंक जाने में असमर्थ रहे । फिर अभी मार्च के अंतिम समय में 26 - 27 - 28 - 29 लगातार 4 दिन बैंक बन्द होने से वित्तीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं । इन सभी परिस्थितियों के मद्देनजर जैन संवेदना ट्रस्ट ने केन्द्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण जी को पत्र भेजकर वित्तीय वर्ष की गतिविधियों को पूर्ण करने के लिए एक माह का अतिरिक्त समय प्रदान करने की मांग की है और आमजनता के लिए संवेदनशील निर्णय की उम्मीद जाहिर की है।