पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन के विश्राम गृह पहुंचने की सूचना को गुप्त रखने से भाजपा कार्यकर्ता नाराज

Posted On:- 2022-03-28



धमतरी (वीएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के धमतरी प्रवास के दौरान गुटबाजी उभरकर सामने आई। गौरतलब है कि कांकेर प्रवास पर जाते समय रविवार को डॉ रमन सिंह का मकई चौक मे स्वागत करने के लिए कई भाजपाई उपस्थित थे। जहां स्वागत कार्यक्रम के बाद पूर्व मुख्यमंत्री विश्राम गृह पहुंचे। इस बात की जानकारी मुकई चौक में स्वागत के लिए उपस्थित अधिकांश लोगों को नहीं दी गई। केवल गिने-चुने लोग ही विश्राम गृह पहुंचे।

पार्टी कार्यकर्ताओं में इस बात को लेकर आक्रोश है कि जब कार्यकर्ता मकई चौक में उपस्थित थे और डॉ रमन सिंह का विश्रामगृह जाना पहले से तय था, तो कार्यकर्ताओं को इस बात की जानकारी क्यों नहीं दी गई? कुछ प्रमुख लोग ही आपस में कानाफूसी कर सर्किट हाउस पहुंचे, बाकी कार्यकर्ताओं को भनक तक लगने नहीं दी गई। कुछ घंटे बाद जब डॉ रमन सिंह के सर्किट हाउस पहुंचने का फोटो सोशल मीडिया में वायरल हुआ तो मकई चौक में उपस्थित पार्टी कार्यकर्ता आग बबूला हो गए। और पार्टी के जिम्मेदार पदाधिकारियों को खरी खोटी सुनाने लगे। पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के स्वागत के लिए मकई चौक में उपस्थित शहर भाजपा मंडल के एक पूर्व पदाधिकारी ने पार्टी के मुखिया के सामने अपनी भड़ास भी निकाली। उनका कहना था कि पार्टी कार्यकर्ताओं को सर्किट हाउस पहुंचने के लिए क्यों नहीं कहा गया। हार के बावजूद अभी भी पार्टी के जिम्मेदार लोग सजग नहीं हुए हैं। और कुछ लोक पार्टी को चलाना चाहते हैं यह ठीक नहीं है। इसका खामियाजा आगामी चुनाव में भुगतना पड़ सकता है।

पार्टी के मुखिया ने रमन सिंह के सर्किट हाउस जाने की सूचना से अनभिज्ञता जाहिर की जिस पर उनका कहना था कि आप पार्टी के मुखिया हो आपको कैसे पता नहीं रहा होगा? इसके लिए कुछ लोगों को उन्होंने दोषी ठहराया। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि अगर यही रवैया रहा तो पार्टी के कार्यकर्ता किनारे हो जाएंगे। अगर गुपचुप तरीके से काम चलाना चाहते हैं तो कार्यकर्ताओं को भीड़ बढ़ाने के लिए क्यों आमंत्रित करते हैं? पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना पार्टी के ग्रुप में सुबह से दे दी गई थी, लेकिन कई लोग स्वागत समारोह से अपने आप को दूर रखें जिसे लेकर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। चर्चा तो इस बात की भी है कि यह मामला पार्टी की बैठक में जोर शोर से उठ सकता है।