श्रीकृष्ण ने कई असुरों का विनाश किया, उनका अनुसरण कर नशा रूपी असुर का करें नाश : रंजना साहू

Posted On:- 2022-03-28



धमतरी (वीएनएस)। इस वर्ष भी पोटियाडीह मंडल झेरिया यादव समाज का वार्षिक अधिवेशन तथा होली मिलन समारोह ग्राम लोहरसीं में आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक रंजना डीपेंद्र साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। समस्त अतिथियों का स्वागत बाजे गाजे के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे से राधे-राधे जी के नारों से गुंजायमान हो उठा। विधायक एवं अतिथियों ने सर्वप्रथम भगवान श्रीकृष्ण की पूजा अचर्ना कर यादव बंधुओं को वार्षिक अधिवेशन एवं होली पर्व की बधाई दी।

विधायक रंजना डीपेंद्र साहू ने कहा कि यादव समाज में जिस तरह से महिला शक्ति आगे आकर समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए परिदृश्य बदल रही है, निश्चित ही इसका व्यापक प्रभाव समाज पर पड़ा है। महिला शक्ति आगे आकर समाज में, परिवार में समर्पित भावना से अपना सहयोग दे रही है। जिससे यदुवंश समाज शिक्षा, व्यापार, राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ा है। नारी शक्ति का आगे बढऩा समाज को आगे बढ़ाना है। विधायक श्रीमती साहू ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अनेकों असुरों का नाश किए है। उनका अनुसरण करते हुए आज सभी समाज के बंधुओं से निवेदन करती हूं कि नशा रूपी असुर को दूर कर उसका नाश करें, जिससे हम मजबूत होंगे। हमारा परिवार मजबूत होगा, हमारा समाज मजबूत होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए धमतरी ब्लॉक अध्यक्ष झेरिया यादव समाज रंजीत यादव ने समाज की नीतियों व सामाजिक विषयों पर अपनी बातें समाजिक जनों के समक्ष रखी।

जिला पंचायत सदस्य दमयंती साहू ने कहा कि यादव समाज वृहद एवं मजबूत समाज है। छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष भगत यादव ने सभी सामाजिक बंधुओं को होली पर्व की बधाई दी। इस अवसर पर वार्षिक अधिवेशन व होली मिलन समारोह में यदु राम यादव, मोनिका नेताम, पीतांबर साहू, देवनारायण गजेंद्र, हरीनारायण सिन्हा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।