50 साल बाद इन दो राज्यों के बीच सुलझा सीमा विवाद...

Posted On:- 2022-03-29



नई दिल्ली (वीएनएस)। नॉर्थ ईस्ट में शांति स्थापना के लिए मंगलवार को एक और बड़ी पहल की गई। असम और मेघालय ने पिछले 50 साल से चले आ रहे सीमा विवाद को सुलझाते हुए आपस में समझौता कर लिया। दिल्ली में आयोजित हुए समारोह में दोनों प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के सामने समझौते पर हस्ताक्षर किए।

इस समझौते पर हस्ताक्षर के लिए असम के सीएम हेमंत बिस्वा सरमा, सांसद दिलीप सेकिया और मेघालय के मुख्यमंत्री कोनार्ड संगमा दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से वार्ता की। उसके बाद दोनों राज्यों की ओर से सीमा विवाद को खत्म करने वाले समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।

सीमा समझौते के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने इसे नॉर्थ ईस्ट में शांति स्थापना की दिशा में बड़ी पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस समझौते से असम और मेघालय के बीच चला आ रहा सीमा विवाद करीब 70 प्रतिशत सुलझ गया है। बाकी बचे इलाकों के विवाद भी दोनों राज्यों के सीएम आपसी बातचीत से सुलझा लेंगे। उन्होंने इस पहल के लिए पीएम नरेंद्र मोदी के साथ ही दोनों राज्यों के सीएम को शुक्रिया कहा।

असम के सीएम हेमंत बिस्वा सरमा ने समझौते के बाद पीएम नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा, 'आज का दिन विवाद मुक्त नॉर्थ ईस्ट के लिए महत्वपूर्ण है। जबसे मोदी पीएम बने हैं, तब से उन्होंने नॉर्थ ईस्ट के गौरव के लिए लगातार काम किया है। मैने पीएम से नॉर्थ ईस्ट में चल रहे सीमा विवादों और शांति स्थापना के बारे में बात की थी, जिसके बाद इन विवादों को खत्म करने की शुरुआत हुई।'

सरमा ने कहा, 'सबसे पहले 2019 में त्रिपुरा में हथियारबंद गुटों के बीच समझौता हुआ। फिर 16 जनवरी को ब्रू-रियांग गुटों के साथ समझौता किया गया, जिससे 34 हजार से ज्यादा लोगों को फायदा हुआ। 27 जनवरी 2020 को ऐतिहासिक बोडो समझौता हुआ, जिसमें असम के मूल स्वरूप को बचाए रखते हुए 50 साल पुरानी समस्या को खत्म किया गया। इसके बाद सितंबर 2021 को कार्बी आंगलांग समझौता और आज असम-मेघालय के बीच सीमा समझौता किया गया।'