प्रहलाद चरित्र, वामन अवतार कथा सुन भावविभोर हुये श्रोता...

Posted On:- 2022-03-29



बिलासपुर (वीएनएस)। बोदरी के प्रतिष्ठित शर्मा परिवार में स्व. तारा देवी की स्मृति में चल रही श्रीमदभागवत कथा में प्रहलाद चरित्र, वामन अवतार कथा सुनकर श्रोता भावविभोर हो उठे। महामाया माई की नगरी रतनपुर से पधारे आचार्य विनोद पाठक महराज से संगीतमयी कथा सुनाकर श्रोताओं को आनंदित किया।

कथावाचक आचार्य पाठक ने कहा कि जीवन में ऐसे मोड़ आते हैं, जिसका हमें अंदेशा भी नहीं होता है। हमें हर बुराई से लड़ने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मनुष्य रूप में जन्म लेना सबसे बड़ी उपलब्धि है। वामन अवतार की कथा सुनाते हुए आचार्य ने कहा कि राजा बलि को यह अभिमान था कि उसके बराबर समर्थ इस संसार में कोई नहीं है। भगवान ने राजा  का अभिमान चूर करने के लिए वामन का रूप धारण किया और भिक्षा मांगने राजा बलि के पास पहुंच गए।

अभिमान से चूर राजा बलि ने वामन को उसकी इच्छानुसार दक्षिणा देने का वचन दिया। वामन रूपी भगवान ने राजा से दान में तीन पग भूमि मांगी। राजा वामन का छोटा स्वरूप देख हंसा और तीन पग धरती नापने को कहा। इसके बाद भगवान ने विराट रूप धारण कर एक पग में धरती आकाश दूसरे पग में पाताल नाप लिया और राजा से अपना तीसरा पग रखने के लिए स्थान मांगा। प्रभु का विराट रूप देख राजा का घमंड टूट गया और वह दोनों हाथ जोड़कर प्रभु के आगे नतमस्तक होकर बैठ गया और तीसरा पग अपने सर पर रखने की प्रार्थना की।

इस दौरान भगवान प्रहलाद की कथा भी सुनाई गई।कथा के अंत में आरती की गई और प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान यज्ञाचार्य दीपक पांडे जी के द्वारा वैदिक मंत्रों से देवताओं का षोडशोपचार से नित्य पूजन किया जा रहा है साथ ही संगीतमयी कथा में राज रतनपुर अपनी टीम के साथ संगत करते रहे है।