जनचौपाल में कलेक्टर ने सुनी आम नागरिकों की समस्याएं

Posted On:- 2022-03-29



बेमेतरा (वीएनएस)। कलेक्टर संदीपान ने आज मंगलवार को आम जनता से साप्ताहिक भेंट मुलाकात के कार्यक्रम जनचौपाल के दौरान आम नागरिकों की समस्याएं सुनी और उनके निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। संयुक्त जिला कार्यालय मे आयोजित साप्ताहिक जनचौपाल के दौरान बेमेतरा जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे आम नागरिकों ने विभिन्न विभागों से संबंधित 27 आवेदन प्रस्तुत किये। प्राप्त आवेदनों में निराश्रित पेंशन दिलाने, प्रधानमंत्री आवास दिलाने, ट्राईसिकल प्रदान करने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन दिलाये जाने, पारिश्रमिक भुगतान राशि प्रदाय करने आदि से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

जिलाधीश ने कहा कि समय सीमा पर लोगों की समस्याओं का निराकरण करें। जिन समस्याओं का निराकरण प्रशासन स्तर से संभव है, उन्हें प्रशासनिक स्तर पर तथा जिन समस्याओं के निराकरण में राज्य शासन की ओर से मार्गदर्शन की जरूरत है, वहां पर राज्य शासन से मार्गदर्शन लेकर समस्याएं हल कराएं। कलेक्टर ने कहा कि जिन मामलों में आवेदनों का निराकरण नियमानुसार संभव नहीं है, उस पर आवेदक को सूचना दी जाएं। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ लीना मंडावी, अपर कलेक्टर डॉ. अनिल बाजपेयी, अनुविभागीय अधिकारी दुर्गेश कुमार वर्मा, डिप्टी कलेक्टर विश्वास राव मस्के, नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।