यूँ ही न अपने मिजाज को, चिड़चिड़ा कीजिये, कोई बात छोटी करे, तो आप दिल बड़ा कीजिये

Posted On:- 2022-03-29



भोरमे देव महोत्सव के 28 बरस के सफ़र में समय के साथ साथ आदिवासियों के पारंपरिक मेले का सरकारी करण होने से छत्तीसगरिहा लोक संस्कृति ,लोक नृत्य, शास्त्रीय संगीत के साथ साथ मुम्बईया ठुमके भी लगने लगे। आदिवासियो का पारंपरिक मेला आज भोरमेदेव महोत्सव के रूप में भले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है। परंतु रंगबिरंगी लाईटो, डीजे आर्केस्ट्रा की धुन, लेजर व साउंड शो और मुम्बईया ठुमके के बीच आधुनिकता की दौड़  व विकास की चकाचौंध के आगे टिमटिमा रही आदिवासी संस्कृति व सभ्यता अपनी पहचान खोती जा रही है। खाना पूर्ति बन चुके भोरमदेव महोत्सव कुछ वर्षो से प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के मनमानी के चलते मूलरूप रंग और ढाल के विपरीत आधुनिक तौर तरीको से आयोजित करने की परम्परा शुरू हुई। महोत्सव पर हावी अफसर शाही के चलते पूर्व के वर्षों में तीन दिन होने वाला महोत्सव दो दिन कर दिया गया। महोत्सव हर साल किसी न किसी कारण से चर्चा मे रहता ही है। कभी आम जनता पर लाठीयाँ भांजी जाती है तो कभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियो को मंच से हाथ पकड़ कर उतार दिया जाता है कि क्या यहाँ फ़ीता काटने आये हो? प्रशासनिक दुर्व्यवहार से समाज के चौथे स्तम्भ कहे जाने वाले पत्रकार भी नहीं बच पाये है। जिम्मेदारों को अफसरों के यहाँ की काम वाली बाई का चेहरा तो याद रहता है परंतु जिले की निर्वाचित जनपद अध्यक्षों पत्रकारो का नहीं। छत्तीसगढ़ी सभ्यता और संस्कृति के नाम पर कलाकारों लो कितना प्रोत्साहन मिला और इसे बचाने कितनी कोशिशे हुई ये तो अनुसन्धान का विषय है। परंतु बीते एक दशक में महोत्सव में चयनित कार्यक्रम पंकज उदास के मनमोहक भजनों से बीड़ी जलइले होते हुए चिकनी चमेली और चुम्मा दे दे तक पहुँच गया है। लेकिन इस बार जिस तरह से कलेक्टर और उनकी टीम की सक्रियता व कार्यक्रमो का चयन देख कर चर्चा है कि भोरमदेव महोत्सव अपने मूल स्वरूप की ओर लौटने लगा है। बॉलीवुड के साथ साथ स्थानीय कलाकारों व लोगो मिलता महत्व, उद्घाटन और समापन के अतिथियों की सूची इस ओर इशारा करती है।

खैर मान अपमान और बॉलीवुड के ठुमको और कोरोना काल देख चुके भोरमदेव महोत्सव को लेकर अबके बरस अच्छी खबर आ रही कि 28 साल के इस सफ़र में पहली बार कलेक्टर रमेश शर्मा की अध्यक्षता व कुशल मार्गदर्शन में भोरमदेव सनातन तीर्थ ट्रस्ट के नाम पर एक पंजीकृत संस्था का गठन हुआ जो भोरमदेव मंदिर की देखरेख पुरातत्व महत्व को सहेजने के साथ साथ मेले व महोत्सव के आयोजन में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगी। जिले में कई कलेक्टर आये और गए किंतु भोरमदेव महोत्सव को लेकर चुनिंदा कलेक्टर ही अपनी अमिट छाप छोड़ पाए है। जिनमे कलेक्टर एस के तिवारी, सोनमणि बोरा, मुकेश बंसल, दयानंद, परदेसी प्रमुख है।

कलेक्टर रमेश शर्मा द्वारा भोरमदेव मंदिर व महोत्सव को लेकर संस्था का पंजीयन कराना और 28 साल के सफर में पहली बार गैर राजनैतिक लोगो से महोत्सव के शुभारंभ व समापन का आयोजन अपने आप मे एक मिल का पत्थर साबित होगा हालांकि लोग इसे भी राजनीतिक चश्मे से देखते अपने अपने मतलब निकाल निशाना साध सकते है। किंतु गैर राजनीतिक मंदिर के पुजारियों के हाथों महोत्सव का शुभारंभ अपने आप मे इतिहास है वह भी ऐसे दौर में जब नेता अपने राजनीतिक हित लाभ को लेकर मंच पर पहुंच अपना मान सम्मान करवाना नही चूकते । खैर राजनीति की दुकानदारी चमकाने के लिए मंचीय तमाशा भी जरूरी है ।

इन सब के बीच पाठकों को बताना लाज़मी है कि पहली बार भोरमदेव महोत्सव वर्ष 1994 में 27 ,28 व् 29 मार्च को अविभाजित मध्यप्रदेश में तत्कालीन राजनांदगांव कलेक्टर अनिल जैन की अध्यक्षता में प्रारम्भ हुआ था। उस समय कवर्धा के एसडीओ राजस्व निसार अहमद हुआ करते थे। पहले भोरमे देव महोत्सव में 2 दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम तो भोरमे देव मंदिर क्षेत्र में होते थे, परंतु तीसरे दिन साहित्यिक गतिविधिया कवर्धा में हुआ करती थी जो अब जिला मुख्यालय बन चुका है। प्रथम भोरमदेव महोत्सव में साऊथ ईस्टर्न कल्चरल सोसायटी द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमो को काफी सराहा गया था। विशेष रूप से माया  जाधव और उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमो को सराहा गया था। महाराष्ट्रियन लोक नृत्य व गीत लावणी ने बेतहाशा तालिया बटोरी थी जिसकी आम लोगो के बीच महीनों चर्चा का विषय बना रहा था।

और अंत में :- ज़िन्दगी में जो आपके साथ अच्छा करे उन्हें धन्यवाद दो - जो बुरा करे उन्हें मुस्कुरा कर ये सोच के माफ़ कर दो कि- सभी मानसिकरोगी अस्पतालों में नही मिलते कुछ खुले भी घूमते हैं !