निर्माण कार्यों को पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा कराये : कलेक्टर

Posted On:- 2022-03-29



बालोद (वीएनएस)। कलेक्टर महोबे ने कहा कि जिले में स्वीकृत निर्माण कार्य सड़क, भवन, पुल, पुलिया निर्माण, मरम्मत कार्य आदि को पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय पर पूरा कराएॅ। कलेक्टर महोबे आज शाम संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, सेतु निगम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन विभाग, विद्युत विभाग, क्रेडा आदि विभागों में स्वीकृत निर्माण कार्य, पूर्ण तथा प्रगतिरत कार्यों की विस्तारपूर्वक गहन समीक्षा की और निर्देशित किया कि स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा कराएॅ।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे क्षेत्र का लगातार भ्रमण कर निर्माण कार्यों का सतत निरीक्षण करें। उन्होंने भू-अर्जन तथा मुआवजा प्रकरणों का भी नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्माणाधीन स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल भवनों का निर्माण कार्य भी तय समय में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले में हैंडपम्पों के संधारण की जानकारी ली और कहा कि किसी भी ग्राम में पेयजल की समस्या न हो। उन्होंने जिले में सुचारू रूप से विद्युत प्रदाय की जानकारी ली और विद्युत व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत संबंधी किसी भी शिकायत का त्वरित निराकरण करें। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।