रायपुर (वीएनएस)। कलेक्टर सौरभ कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टोरेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। उन्होंने अधिकारियों से उनके विभाग के लंबित प्रकरणों का यथाशीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी अनुविभागीय दंडाधिकारी(राजस्व) से मात्रात्मक त्रुटि के संबंध में उनकी जाति प्रमाण पत्र बनाने, सीएचएमओ से उनके विभाग की भर्ती प्रक्रिया, खाद्य विभाग के अधिकारी से धान उठाव की स्थिति तथा उपार्जन केंद्रों के ऑनलाइन स्टेटस जीरो होने के संबंध में चर्चा कर निर्देशित किए।
बैठक में मुख्यमंत्री जन चौपाल एवं लोक सेवा गारंटी के आवेदनों का प्रमुखता से निराकरण के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी, सहायक कलेक्टर अभिषेक कुमार, अपर कलेक्टर गोपाल वर्मा, बी.सी साहू, सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारी राजस्व एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।