जशपुरनगर (वीएनएस)। सहायक खनिज अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम टांगरगांव तहसील कांसाबेल में मैनी नदी ख.नं. 628 रकबा 5.000 हेक्टेयर क्षेत्र पर रेत खदान अवधि 15 मई 2020 से 14 मई 2022 तक हैप्पी अग्रवाल पिता सुनील कुमार अग्रवाल निवासी अंबिकापुर रोड पत्थलगांव, तहसील पत्थलगांव जिला-जशपुर के नाम से स्वीकृत है। उक्त खदान में विधिवत् रॉयल्टी जमा कर रेत का उत्खनन कार्य किया जाता है।
तहसील कांसाबेल के लमडांड का स्थल जांच खनिज निरीक्षक से कराया गया है, खनिज निरीक्षक के जांच प्रतिवेदन अनुसार ग्राम लमडांड स्थित मैनी नदी में जांच दिनांक को किसी भी प्रकार रेत का उत्खनन होना नहीं पाया गया। जांच दिनांक के पूर्व में उक्त स्थल से रेत का निकासी होना पाया गया है, जिस संबंध में स्थानीय निवासियों से पूछताछ कर पंचनामा तैयार किया गया है। पंचनामा अनुसार 18 मार्च 2022 के पूर्व लुड़ेग निवासी राहुल अग्रवाल की ओर से उक्त स्थल पर मशीन से रेत का उत्खनन कराया गया है, जिनके विरूद्ध अवैध रेत उत्खनन का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
वतर्मान में उक्त स्थल में रेत का उत्खनन पूर्णत: बंद है। जिले में कुल 04 रेत खदान स्वीकृत होकर संचालित है, जिससे जिले के भीतर रेत की आपूर्ति की जाती है, इसके अतिरिक्त सीमावर्ती जिलों में स्वीकृत रेत खदानों से भी रेत की आपूर्ति होती है। खनिज विभाग की ओर से चालू वित्तीय वर्ष में अवैध रेत परिवहन के 33 प्रकरण व अवैध रेत भंडारण के 03 प्रकरण, कुल 36 प्रकरण दर्ज कर राशि 1,24,000 रुपए अर्थदंड, समझौता राशि के रूप में वसूल किया गया है। जिले में स्वीकृत 04 खदानों के अतिरिक्त अन्य 11 स्थानों पर रेत खदान स्वीकृति केलिए जगह का चिन्हांकन कर लिया गया है, जिसमें संबंधित ग्राम सभा से प्रस्ताव प्राप्त करने केलिए प्रयास किया जा रहा है। चिन्हांकित स्थलों पर रेत खदान स्वीकृति उपरांत जिले में रेत आपूर्ति अत्यन्त सुलभ हो जाएगी, जिससे यदा-कदा होने वाले रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन पर भी प्रभावी नियंत्रण हो पाएगा।