मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों की तैयारियों का कलेक्टर ने लिया जायजा

Posted On:- 2022-03-29



सक्ती में हेलीपैड, सभा स्थल, प्रतिमा अनावरण स्थल का किया सघन निरीक्षण

जांजगीर-चांपा (वीएनएस)। कलेक्टर शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक पल्लव ने आज प्रशासनिक, विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों के साथ 1 अप्रैल को नवगठित जिला सक्ती में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लिया।

कलेक्टर ने मुख्यमंत्री का आम सभा स्थल बाजार मैदान सक्ती, पूर्व मंत्री स्वर्गीय बिसाहू दास महंत की मूर्ति का अनावरण स्थल और हेलीपैड निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों के भव्य आयोजन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने आम सभा स्थल पर महत्वपूर्ण व्यक्तियों,आम जनता का प्रवेश, निकास ,बैठक व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। हेलीपैड के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कार्य में तेजी लाने कहा। उन्होंने हेलीपैड स्थल में बैरिकेड लगाने के निर्देश दिए ताकि किसी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश न हो सके। सभा स्थल पर उन्होंने मंच के सामने निश्चित दूरी पर डी बनाने, तथा मुख्य मंच के बाजू में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति के लिए मंच बनाने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार उन्होंने लोकार्पण, शिलान्यास के पत्थरों को व्यवस्थित और एक लाइन में रखने के निर्देश दिए। सभा स्थल में बैरिकेड्स, बैठक व्यवस्था के निर्देश लोक निर्माण विभाग को, पेयजल की व्यवस्था के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, प्रकाश बिजली जनरेटर की व्यवस्था के लिए सीएईबी को निर्देशित किया गया। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों से कहा कि वे अपना कार्य, तैयारियां मुख्यमंत्री की गरिमा के अनुरूप सुनिश्चित करें ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित न हो। इस अवसर पर अपर कलेक्टर लीना कोसम, एसडीएम सक्ती रेना जमील, सहायक कलेक्टर रोमा श्रीवास्तव, एसडीओपी सक्ती, दिनेश शर्मा, राघवेंद्र कुमार सिंह, लोक निर्माण कायर्पालन यंत्री लहरे, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी चंद्रा, दादू जायसवाल, श्याम सुंदर अग्रवाल आदि उपस्थित थे।