मनरेगा : अकुशल श्रमिकों को 1 से मिलेंगे प्रतिदिन 204 रूपए

Posted On:- 2022-03-30



बैकुण्ठपुर (वीएनएस)। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत मजदूरी करने वाले अकुशल श्रमिकों को प्रतिदिन 204 रुपए की पारिश्रमिक राशि प्रदान की जाएगी। गत दिवस इस संबंध में केंद्र सरकार के राजपत्र में सूचना प्रकाशित कर दी गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुणाल दुदावत ने बताया कि मनरेगा के तहत दैनिक मजदूरी दर में आंशिक वृद्धि की गई है।

पहले श्रमिकों को एक कार्यदिवस में कार्य के आधार पर 193 रूपए दैनिक मजदूरी दर प्रदान की जाती थी पर आगामी एक अप्रैल से यह दर 204 रूपए प्रति कार्यदिवस होगी। उन्होने बताया कि बढ़ी हुई पारिश्रमिक की दरें आने वाले एक अप्रैल से स्वीकृत होने वाले नवीन कार्यो के साथ ही प्रगतिरत कार्यों में भी एक अप्रैल से लागू हो जाएंगी।

जिला पंचायत से इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए सभी जनपद पंचायतों के साथ ही सभी अन्य निर्माण एजेंसी को पत्र से सूचना भेजी गई है। पत्र के माध्यम से नई मजदूरी दरें एक अप्रैल से सभी कार्यों में प्राक्कलन तैयार करते समय और सभी प्रगतिरत कार्यों में भी लागू करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके साथ ही सभी जनपद पंचायतों के माध्यम से जिले के सभी 363 ग्राम पंचायतों के सूचना पटल पर भी नई मजदूरी दरें दीवार पर लिखवाने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होने बताया कि आगामी रोजगार दिवस में इस संबंध में सभी ग्रामीण श्रमिकों को विशेष तौर पर अवगत कराया जाएगा। जिला पंचायत सीइओ ने सभी निर्माण एजेंसियों को प्रेषित पत्र में आगामी सभी कार्य प्रस्तावों में दैनिक मजदूरी दर 204 रुपए के अनुसार ही सभी कार्य प्रस्ताव की राशि का आंकलन करके प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए हैं। विदित हो कि 31 मार्च तक दैनिक मजदूरी दर 193 रुपए होगी इसके बाद सभी कार्यों में अकुशल श्रमिक को 204 रुपए की मजदूरी दी जाएगी।