कलेक्टर ने ओरछा स्वास्थ्य केन्द्र का किया औचक निरीक्षण
Posted On:- 2022-03-30
नारायणपुर (वीएनएस)। कलेक्टर ने बुधवार को अपने ओरछा प्रवास के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने ओरछा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाकर आमजनों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने गंभीर और आकस्मिक चिकित्सा के लिए दिये जा रहे उपचार सेवाओं के अलावा पोषण पुनर्वास केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्र में ईलाज के लिए भर्ती मरीजों से भी बातचीत की, उनका हालचाल जाना और उन्हें दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में पूछा। उन्होने अस्पताल में चल रही गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्र के पुरूष वार्ड, महिला वार्ड, किचन सहित अन्य वार्डो का निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में संचालित सभी कक्षों की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने ओरछा विकासखंड में संचालित पोषण पुर्नवास केन्द्र का भी अवलोकन किया और व्यवस्थाओं के बारे में पूछा। कलेक्टर ने पोषण पुर्नवास केन्द्र (एनआरसी) में खाली और भरे बेड की जानकारी ली और बच्चों के साथ उनकी माताओं से आत्मीय बातचीत की। कलेक्टर ने कहा कि ईलाके के गंभीर और कुपोषित बच्चों को माताओं के साथ पोषण पुर्नवास केन्द्र (एनआरसी) लाया जाये और उन्हें गुणवत्तापूर्ण पौष्टिक आहार देकर सुपोषित किया जाये। इस दौरान उन्होंने स्टोर रूम का अवलोकन किया और जीवनरक्षक दवाईयों की उपलब्धता देखी।
इस दौरान कलेक्टर ने ओरछा में संचालित प्रसव पूर्व संदर्भ केन्द्र का भी अवलोकन किया। वहां उन्होंने शिशुवती माता को बेबी केयर किट भी प्रदान किया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत ओरछा रामांचल यादव, स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सक और स्टाप सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर कलेक्टर ने ओरछा में निजी संस्थान की संचालित पोषण पुर्नवास केन्द्र का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर को एनआरसी के कर्मचारी ने अवगत कराया कि यहां पानी की समस्या रहती है। जिस पर कलेक्टर ने तत्काल पानी की व्यवस्था के लिए 2 बोर करवाने के निर्देश अधिकारियों केा दिये। इसके साथ ही उन्होंने एनआरसी के खाली स्थान पर किचन गार्डन विकसित करने की भी बात कही।