कलेक्टर ने ओरछा में उचित मूल्य दुकान का किया निरीक्षण
Posted On:- 2022-03-30
नारायणपुर (वीएनएस)। कलेक्टर ने बुधवार को अपने ओरछा प्रवास के दौरान ओरछा विकासखंड मुख्यालय में संचालित उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने राशन लेने आये ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें प्रदान की जाने वाली सामग्री की मात्रा, मूल्य आदि की जानकारी ली। कलेक्टर ने दिये जा रहे राशन की मात्रा जांचने के लिए समक्ष में राशन लेने आये ग्रामीण के चांवल का वजन कराया और उसकी जांच की। उन्हें दुकान संचालक को निर्देशित किया कि दूर-दराज से राशन लेने के लिए आने वाले ग्रामीणों को सही मात्रा और मूल्य में राशन दे, लापरवाही न करें। किसी प्रकार की शिकायत मिलने पर कार्यवाही की जायेगी। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत ओरछा रामांचल यादव के अलावा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
इस दौरान कलेक्टर ने ओरछा में लगने वाले साप्ताहिक बाजार का भी निरीक्षण किया और बाजार की व्यवस्थाओं को देखा। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बाजार में दुकान लगाने वाले दुकानदारों के अनुसार शेड निर्माण किया जाये। इसके साथ ही बाजार स्थल की साफ-सफाई भी नियमित रूप से की जाये। उन्होंने अधिकारियों को बाजार स्थल के समीप सुलभ शौचालय बनाने के कहा। ताकि दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को किसी प्रकार की कोई समस्या न हो।