मनरेगा मजदूरी दर में 11 रुपए की बढ़ोतरी

Posted On:- 2022-03-30



जांजगीर-चांपा (वीएनएस)। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के तहत श्रमिकों को 1 अप्रैल से प्रतिदिन 204 रूपए की मजदूरी मिलेगी। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने मनरेगा के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए राज्यवार प्रतिदिन मजदूरी की दर का राजपत्र में प्रकाशन कर दिया गया है।

मनरेगा के तहत काम करने वाले अकुशल हस्त कर्मकारों के लिए 204 रूपए प्रतिदिन की मजदूरी तय की गई है। यह नई दर 1 अप्रैल से प्रभावी होंगी। केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय से चालू वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए 193 रूपए मजदूरी दर निर्धारित थी। आगामी वित्तीय वर्ष के लिए इसमें 11 रूपए की बढ़ोतरी की गई है। जिले के सभी मजदूरों को 1 अप्रैल से बढ़ी हुई दर से मजदूरी दी जाएगी। साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष के लिए तकनीकी प्रस्ताव 204 रूपए की दर से तैयार किये जाएंगे।

बढ़ी हुई मजदूरी दर की जानकारी ग्राम सभा आयोजन के दौरान, रोजगार दिवस के मौके पर ग्रामीणों बताया जाएगा। इसके अलावा नागरिक सूचना पटल, ग्राम पंचायत भवन एवं अन्य शासकीय दीवारों पर लिखा जाएगा। वर्तमान में चल रहे निर्माण कार्यों के दौरान कार्यस्थल पर मौजूद श्रमिकों, ग्रामीणों को प्रतिदिन मजदूरी की बढ़ी हुई दर से अवगत कराया जाएगा।