पीएचसी,सीएचसी में शिशु स्वागत पालना केन्द्र स्थापित करें : कलेक्टर

Posted On:- 2022-03-30



जशपुरनगर (वीएनएस)। कलेक्टर अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति व बाल संरक्षण समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में हुई। इस अवसर पर बाल संरक्षण समिति, बाल व बालिका संरक्षण गृह, संप्रेक्षण गृह, बाल सखी वन स्टॉप सेंटर तथा नवा बिहान (घरेलू हिंसा) के प्रकरणों व गतिविधियों की अद्यतन स्थिति की गहन समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कायर्पालन अधिकारी के.एस. मंडावी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अधिकारी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्टर ने बालक व बालिका संरक्षण गृह तथा नवा बिहान के अधिकारियों को बच्चों एवं महिलाओं के मामलों को संवेदनशीलता के साथ निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं व बच्चों को सहायता व सुरक्षा देने के लिए कहा है। महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी की ओर से बताया गया कि बाल कल्याण समिति, सखी सेंटर और नवा बिहान के लंबित प्रकरणों को गंभीरता से निराकरण किया जा रहा है। जिले में बालक-बालिका संरक्षण के लिए 5 संस्था कार्यरत है, जिनमें 1 संस्था शासन की ओर से एवं 4 संस्था निजी एनजीओ के माध्यम से संचालित किया जा रहा है।

कलेक्टर ने सभी संस्थाओं का संचालन बेहतर तरीके से करने के निर्देश दिए एवं सभी संस्थाओं की साफ-सफाई, स्वच्छता पर विशेष ध्यान रखने के लिए कहा गया है, साथ ही सभी संस्थाओं में रहने वाले बच्चों का नियमित मॉनिटरिंग, स्वास्थ्य परीक्षण करने व सभी संस्थाओं में बच्चों का डाईट चार्ट प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में शिशु स्वागत पालना केन्द्र स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को महिलाओं को उनके अधिकार के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता अभियान भी संचालित करने के लिए कहा है और विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।