कलेक्टर व एसपी ने सरहुल सरना पूजा महोत्सव के संबंध में आयोजक समिति की ली बैठक

Posted On:- 2022-03-30



जशपुरनगर (वीएनएस)। कलेक्टर अग्रवाल व पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने विगत दिवस कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सरहुल सरना पूजा महोत्सव के संबंध में आयोजक समिति की बैठक लेकर कार्यक्रम की संबंध में विस्तार से जानकारी ली। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनि भगत, अपर कलेक्टर आई.एल.ठाकुर, एडिषनल एसपी प्रतिभा पांडे, एसडीएम बालेश्वर राम, सरहुल पूजा समिति के अध्यक्ष गोविंद राम भगत, हीरूराम निकुंज सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

कलेक्टर व एसपी ने विधिवत रूप से शांति व सौहार्द के साथ त्यौहार को मनाने की अपील की। इसकेलिए आयोजक समिति को आवश्यक सभी तैयारियां सुनिश्चित करने, आपसी सहमति एवं समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूजा महोत्सव का शांतिपूर्ण संचालन केलिए आयोजन समिति को कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने साथ ही इस अवसर पर निकाले जाने वाले शोभायात्रा के रूट की जानकारी, आस-पास के गांवों से आने वाले लोगों की अनुमानित संख्या भी प्रशासन को प्रदान करने की बात कही। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के लिए आयोजन समिति को 5-5 सदस्यों की एक समिति का गठन करने व उसकी सूची प्रशासन को उपलब्ध कराने एवं वालिंटियर्स की नियुक्ति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्था पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिससे कार्यक्रम के अवसर पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराया जा सके।