जिला पंचायत के सामान्य सभा की बैठक में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर

Posted On:- 2022-03-30



जगदलपुर (वीएनएस)। जिला पंचायत के सामान्य सभा की बैठक में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित सामान्य सभा की बैठक में गर्मी के दिनों में पेयजल संकट की स्थिति निर्मित होने से बचने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके तहत सभी खराब हैण्डपंपों की मरम्मत के साथ ही आवश्यकता अनुसार टैंकर से पानी आपूर्ति की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। फ्लोराइड प्रभावित क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत की अध्यक्ष वेदवती कश्यप, उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप सहित सदस्यगण व जिला पंचायत के मुख्य कायर्पालन अधिकारी रोहित व्यास, वन मंडलाधिकारी डीपी साहू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।