सीईओ जिला पंचायत व जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से सुनी समस्या-शिकायतें

Posted On:- 2022-03-30



बीजापुर (वीएनएस)। जिले के उसूर ब्लाक अंतर्गत दूरस्थ ग्राम पंचायत तर्रेम में आयोजित समाधान शिविर के दौरान सीईओ जिला पंचायत रवि कुमार साहू, एसडीएम हेमेन्द्र भूआर्य सहित जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से रूबरू होकर उनकी मांग व समस्याएं सुनी और निराकरण केलिए आवश्यक पहल किया। इस मौके पर ग्रामीणों की मांग के आधार पर चिन्नागेलूर में उचित मूल्य दुकान सह गोदाम भवन सहित स्कूल एवं आंगनबाड़ी भवन निर्माण की स्वीकृति दी गयी। वहीं गुंडम में स्कूल व आंगनबाड़ी भवन निर्माण की मंजूरी दी गयी। इसके साथ ही बडे़ सुंकनपल्ली व छोटे सुंकनपल्ली में हेंडपंप स्थापना की स्वीकृति दी गयी। उक्त समाधान शिविर में प्राप्त कुल 139 आवेदन पत्रों मे से 48 प्रकरणों का मौके पर निराकरण किया गया। वहीं शेष 91 प्रकरणों के निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित कर सम्बन्धित आवेदकों को अवगत कराया गया।

इस दौरान विधायक प्रतिनिधी मनोज अवलम ने क्षेत्र की जनता की जरूरत को मद्देनजर रखते हुए तर्रेम में आधार कार्ड पंजीयन व राशन कार्ड पंजीयन शिविर आयोजित करने का आग्रह किया। वहीं स्कूल, आंगनबाड़ी भवन निर्माण सहित हेंडपंप स्थापित किये जाने की मांग रखी। सीईओ जिला पंचायत रवि कुमार साहू ने उक्त मांग को दृष्टिगत रखते हुए कहा कि आम जनता शिविर में अपनी और अपने गांव की मांग व समस्या के बारे में अवगत करायें, उनकी मांग व समस्या के समाधान केलिए भरसक प्रयास किया जाएगा। उन्होंने तर्रेम में आगामी सप्ताह आधार कार्ड व राशन कार्ड पंजीयन शिविर आयोजित करने आश्वस्त करते हुए कहा कि उक्त शिविर 10 दिनों तक आयोजित कर क्षेत्र के ग्रामीणों का आधार कार्ड, राशन कार्ड पंजीयन सहित बैंक खाता खोलने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

जिला पंचायत सीईओ रवि साहू ने ग्रामीणों को उनके राजस्व संबंधी प्रकरणों के निराकरण सहित किसान पुस्तिका प्रदाय करने आश्वस्त किया। इसके साथ ही ग्रामीणों से चर्चा कर पेयजल व बिजली की समस्या को दूर करने आश्वस्त किया। उन्होने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए उक्त योजनाओं से लाभान्वित होकर विकास की दिशा में सहभागी बनने का आग्रह किया। शिविर में कृषि, उद्यानिकी, मत्स्यपालन, पशुपालन, स्वास्थ्य, महिला व बाल विकास, पंचायत व ग्रामीण विकास, वन, स्कूल शिक्षा आदि विभागों के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं के बारे में अवगत कराया और ग्रामीणों से लाभान्वित होने का आग्रह किया। शिविर स्थल पर जनसंपर्क विभाग की ओर से मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लीनिक योजना, सुपोषण अभियान, डॉ. खूब चन्द बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना, मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना, वनवासियों के कल्याण की दिशा में वनाधिकार पट्टा प्रदाय, समर्थन मूल्य पर कोदो-कुटकी व रागी की खरीदी, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर वनोपज की खरीदी, मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना, राजीव गांधी ग्रामीण कृषि मजदूर न्याय योजना आदि जनहितकारी योजनाओं पर रेखांकित फोटो प्रदशर्नी लगायी गयी।

उक्त प्रदशर्नी का ग्रामीणों ने अवलोकन किया। वहीं ग्रामीणों को जनमन पत्रिका, आदिवासी हित सबसे आगे, किसानों-मजदूरों और गरीबों को न्याय, हमर संस्कृति हमर तिहार ईत्यादि ब्रोसर-पेम्पलेट वितरित किया गया। शिविर के दौरान स्वास्थ्य जांच शिविर में 139 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श सहित नि:शुल्क औषधि प्रदान किया गया। वहीं आयुष विभाग की ओर से 53 ग्रामीणों का स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आयुर्वेदिक औषधि प्रदान किया गया। इस मौके पर क्षेत्र के 12 हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड प्रदान किया गया। समाधान शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष अनिता तेलम सहित क्षेत्र के अन्य पंचायत पदाधिकारी और डीईओ प्रमोद ठाकुर, डीपीएम राजीव मिश्रा, तहसीलदार डीआर ध्रुव, सीईओ जनपद पंचायत एसबी गौतम तथा विभिन्न विभागों के खंड स्तरीय अधिकारी, मैदानी अधिकारी-कमर्चारी व बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे। शिविर का संचालन व आभार प्रदर्शन मनरेगा के परियोजना अधिकारी अनुज तिर्की ने किया।