आप के प्रमुख पदाधिकारियों की उपस्थिति में बैठकों का दौर शुरू

Posted On:- 2022-03-30



रायगढ़ (वीएनएस)। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अब छत्तीसगढ़ को फोकस करते हुए प्रमुख पदाधिकारियों की उपस्थिति में बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। वहीं प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को पांच भागों में विभक्त करते हुए नई कार्यकारिणी का गठन कर कार्यकर्ताओं को चार्ज करने का दायित्व सौंपा जा रहा है।
मंगलवार को खरसिया विधानसभा अध्यक्ष ठाकुर अर्जुन सिंह की अध्यक्षता और प्रदेश सह संगठन प्रभारी सिरिल धृतलहरे की विशेष उपस्थिति में बैठक आहूत की गई। जिसमें उत्साही कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपे गए। ठाकुर अर्जुन सिंह ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र को 5 भागों में बांट कर सभी मंडलों के लिए अध्यक्ष उपाध्यक्ष और संगठन प्रभारी नियुक्त किए जा रहे हैं। प्रत्येक मंडल में 11 पदाधिकारियों की कार्यकारिणियों का गठन कर 8 अप्रैल को पुनः जिला स्तरीय बैठक आहूत की जायेगी। वहीं सह संगठन प्रभारी सिरिल धृतलहरे ने बैठक में उपस्थित सदस्यों की सहमति से अध्यक्ष उपाध्यक्ष और मंडल प्रभारी नियुक्त करते हुए उन्हें कार्यकारिणी पूर्ण करते हुए लोगों को आम आदमी पार्टी की विचारधारा और उद्देश्यों से अवगत कराने के निर्देश दिए।
बैठक में दिलीप द्विवेदी, टिकेश्वर राठिया, हरीश कुमार पटेल, राजेंद्र कुमार राठिया, देवप्रसाद यादव, कार्तिक पटेल, राजकुमार पटेल, नौशाद अंसारी और शानू खान सहित ठाकुर अर्जुन सिंह और सिरिल धृतलहरे और अन्य की उपस्थिति रही।