मुख्यमंत्री बघेल गुरुवार को करेंगे सौगातों की बरसात

Posted On:- 2022-03-30



जगदलपुर (वीएनएस)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार को सौगातों की बरसात करेंगे। रायपुर में आयोजित इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण बस्तर जिले के तोकापाल के अनुविभागीय दंडाधिकारी कार्यालय में किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में 2020-2021 में समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान के लिए राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत अंतिम किश्त की राशि प्रदान की जाएगी, वहीं राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के तहत प्रथम किश्त की राशि का भुगतान भी किया जाएगा। इसके साथ ही शहीद महेन्द्र कर्मा तेंदूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत संग्राहकों को राशि का अंतरण और मुख्यमंत्री गोधन न्याय योजना के तहत किस्त का भुगतान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री बघेल की ओर से इस अवसर पर राजस्व प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा के लिए तैयार आॅनलाइन पोर्टल का शुभारंभ व चार नए अनुविभाग एवं 24 नए तहसीलों का वर्चुअल उद्घाटन भी करेंगे। तोकापाल में इस कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के दौरान सांसद दीपक बैज, बस्तर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल, संसदीय सचिव रेखचंद जैन, चित्रकोट विधायक राजमन बेंजाम सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहेंगे।