मुख्यमंत्री ने वीरांगना अवंती बाई लोधी के नाम पर महिला सशक्तिकरण पुरस्कार दिए जाने की घोषणा

Posted On:- 2022-03-30



संबलपुर को नगर पंचायत का दर्जा, लोधी समाज के सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख रुपये की घोषणा

रानी अवंती बाई लोधी बलिदान दिवस समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री

बेमेतरा (वीएनएस)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज बेमेतरा जिले के विकासखंड नवागढ़ के ग्राम संबलपुर में आयोजित अमर शहीद वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी बलिदान दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में शामिल होकर वीरांगना अवंती बाई लोधी के नाम से महिला सशक्तिकरण पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की। यह पुरस्कार राज्य स्थापना दिवस 01 नवम्बर को प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सम्बलपुर को नगर पंचायत का दर्जा देने की घोषणा, सम्बलपुर में लोधी समाज के सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख रुपए की घोषणा की। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने ग्राम गोढ़ीकला एवं खेड़ा में लोधी समाज के सामुदायिक भवन की भी घोषणा की। संबलपुर के शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित समारोह में क्षेत्रीय विधायक व संसदीय सचिव गुरुदयाल सिंह बंजारे, लोधी समाज की विदूषी लोधी साधना भारती, अंत्यव्यवसायी सहकारी वित्त विकास निगम की उपध्यक्ष नीता लोधी, प्रदेश अध्यक्ष लोधी समाज कमेलेश्वर वर्मा, जिला कमेटी के अध्यक्ष बंशी पटेल सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि भारत के प्रथम स्वाधीनता संग्राम सन 1857 की लड़ाई मे रानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे, मंगल पांडे का नाम प्रथम पंक्ति मे आता है बहुत सम्मान के साथ वीरांगना अवंती बाई लोधी का नाम आदरपूर्वक लिया जाता है। छत्तीसगढ़ के वीर सपूत शहीद वीरनारायण सिंह, गैंद सिंह नायक, गुण्डाधूर ने अंगेजों से लोहा लिया था। 17-18वीं शताब्दी में महिलाओं को घर से बाहर निकलना, युद्ध में भाग लेना साधारण बात नहीं थी। रानी अवंती बाई ने स्वाधीनता आंदोलन के दौरान देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की बाजी लगा दी। ऐसे वीरांगना को हम शत-शत नमन करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की चौथी किश्त की राशि गुरुवार 31 मार्च को किसानों के बैंक खाते में अंतरित कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले खरीफ सीजन में 2540 रु. प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जाएगी। राज्य सरकार कोदो-कुटकी को 3 हजार रु. प्रति क्विंटल व रागी को 3300 रु. प्रति क्विंटल की दर से समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है। 64 प्रकार के लघु वनोपज की खरीदी भी समर्थन मूल्य पर की जा रही है। पशुओं की संरक्षण व संवर्धन के लिए गांव-गांव में गौठान बनाये जा रहे हैं। गौ-मूत्र को खरीदने की व्यवस्था भी सरकार करने जा रही है। मुख्यमंत्री ने भूमि की उवर्राशक्ति को बनाये रखने के लिए रसायनिक खाद के बदले वर्मी कम्पोष्ट अपनाने की अपील की। जिससे फसल का उत्पादन भी अधिक मिले। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि गांव के गौठान को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की परिकल्पना के अनुरुप रुरल इंडस्ट्रियल पार्क के रुप में विकसित किया जा रहा है। राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की शुरुआत कर सालाना 6 हजार रुपये सहायता राशि दी जा रही है। अब नये बजट में सालाना 7 हजार रुपये करने की घोषण कर दी गई है। समारोह में मुख्यमंत्री का गजनी माला से स्वागत किया गया। पुरानी पेंशन बहाली की घोषणा पर शिक्षक संघ नवागढ़-नांदघाट ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

संसदीय सचिव बंजारे ने कहा कि रानी अवंती बाई लोधी ने आजादी की लड़ाई के साथ-साथ समाज मे चेतना जगाने का कार्य किया। उन्होंने अपने पराक्रम व देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता व अखंडता के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। ऐसी वीरांगना को मैं श्रद्धपूर्वक नमन करता हूँ। संसदीय सचिव बंजारे ने इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के शामिल होने पर उनके प्रति आभार प्रकट किया। प्रवक्ता-लोधी साधना भारती ने कहा कि आज वीरांगना रानी अवंती बाई के बलिदान दिवस पर हम सब यहां एकत्र हुए हैं। जिन्होने देश के स्वाधीनता आंदोलन के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी। साधना भारती ने कहा कि विवाह में फिजुल खर्ची रोकने के लिए सामुहिक विवाह को बढ़ावा देने की जरुरत है। प्रदेश सरकार की ओर से भी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना संचालित की जा रही है। नगरीय निकाय व त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। प्रदेश सरकार की यह अनुकरणीय पहल है। प्रदेश अध्यक्ष लोधी समाज कमेलेश्वर वर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर कलेक्टर विलास भोसकर संदीपान, पुलिस अधीक्षक धमेन्द्र सिंह, जिला पंचायत सीईओ लीना मंडावी, जनपद पंचायत अध्यक्ष नवागढ़ अंजली सतीश मारकण्डे, जप उपध्यक्ष रितेश शर्मा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रवीण तिवारी, समाज के धनश्याम वर्मा, मारो सर्किल लोधी समाज के अध्यक्ष सरोज कुमार राजपूत, नवागढ़ सर्किल अध्यक्ष ईश्वर सिंह लोधी, मूलचंद लोधी, सीमा कौशिक, जयप्रकाश राजपूत, जगदीश राजपूत, राजेन्द्र वर्मा, धनश्याम राजपूत सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।