गुर्जर नेता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला का निधन

Posted On:- 2022-03-31



नई दिल्ली (वीएनएस)। गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के नेता रहे कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला का बृहस्पतिवार को यहां निधन हो गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बैंसला के निधन पर शोक जताते हुए कहा है कि देश सेवा व गुर्जर समाज के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। बैंसला लंबे समय से बीमार चल रहे थे। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि बृहस्पतिवार तड़के तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें यहां एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उल्लेखनीय है कि बैंसला राजस्थान में गुर्जर आरक्षण को लेकर चले आंदोलन के अगुवा व प्रमुख चेहरा रहे। साल 2007 व 2008 में चले इस आंदोलन में 70 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। बैंसला 2009 में भाजपा की टिकट पर चुनाव भी लड़े, जिसमें उन्हें मामूली वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। लोकसभा अध्यक्ष बिरला व मुख्यमंत्री गहलोत सहित राज्य के तमाम नेताओं ने बैंसला के निधन पर शोक जताया है। बिरला ने ट्वीट किया, सामाजिक आंदोलन के प्रखर नेतृत्वकर्ता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। सामाजिक अधिकारों के लिए उन्होंने आजीवन संघर्ष किया। मुख्यमंत्री गहलोत ने बैंसला के निधन पर शोक जताते हुए कहा, कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के निधन का समाचार बेहद दुखद है। गुर्जर आरक्षण आंदोलन के मुखिया के रूप में बैंसला साहब ने एमबीसी (अति पिछड़ा वर्ग) के आरक्षण के लिए लंबा संघर्ष किया।