सीएम हाउस के सामने प्रदर्शन : अब तक 8 की गिरफ्तारी...

Posted On:- 2022-03-31



नई दिल्ली (वीएनएस)। दिल्ली में मुख्यमंत्री आवास के बाहर बुधवार को हुए विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में दिल्ली पुलिस अब तक कुल 8 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस कुछ और लोगों की तलाश कर रही है। पुलिस की छह टीमें छापेमारी में लगी हैं।

उधर, आम आदमी पार्टी ने मामले में दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। विधायक सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर तोड़फोड़ के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। याचिका में घटना की स्वतंत्र आपराधिक जांच करने के लिए एक विशेष जांच दल के गठन की मांग की गई है।

आपको बता दें कि कश्मीर फाइल्स फिल्म को लेकर दिल्ली विधानसभा में दिए गए बयान के मामले में भाजना युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बुधवार सुबह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर प्रदर्शन किया था। धरने और नारेबाजी के बीच अचानक कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़ते हुए बूम बेरियर तक पहुंच गए। आरोप है कि इन लोगों ने बूम बेरियर को तोड़ डाला। बाद में सीएम के घर के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया। कुछ लोगों ने सीएम आवास के गेट पर केसरिया रंग का पेंट भी फेंक दिया। किसी तरह पुलिस ने कार्यकर्ताओं को वहां से खदेड़ा। बाद में करीब 70 लोगों को हिरासत में लिया गया। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इन सभी को रिहा कर दिया गया।

पुलिस पर जानबूझकर भाजपा कार्यकर्ताओं को ढील देने के आरोप लगे तो पुलिस ने सरकारी काम में बाधा, ड्यूटी के दौरान हमला करने, सरकारी आदेश के उल्लंघन और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज कर लिया। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी और वीडियो फुटेज के आधार पर इनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री की हत्या करवाना चाहती है भाजपा : सिसोदिया दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री आवास पर युवा भाजपा कार्यकर्ताओं के हंगामे के बाद आम आदमी पार्टी (आप) भाजपा पर हमलावर रही। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री, पंजाब के मुख्यमंत्री समेत आप कार्यकर्ताओं ने भाजपा व दिल्ली पुलिस पर तीखा हमला बोला। उपमुख्यमंत्री का आरोप है कि मुख्यमंत्री अरिवंद केजरीवाल की हत्या करवाने की भाजपा साजिश रच रही है। सिसोदिया ने प्रदर्शनकारियों को भाजपा का गुंडा तक करार दे दिया। वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का कहना है कि आज भाजपा सिर्फ आप व अरविंद केजरीवाल से डरती है। दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास पर हमला इसी बौखलाहट का नतीजा है।

केजरीवाल का विरोध जारी रहेगा: सूर्या मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निवास पर प्रदर्शन एवं तोड़फोड़ करने के बाद भी भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या हमलावर रहे। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि देश के हिंदुओं के अपमान पर अरविंद केजरीवाल को माफी मांगनी होगी और जब तक वो माफी नही मांगेंगे युवा मोर्चा उनका विरोध करता रहेगा। देश के हिंदुओं का अपमान करने वाले अरविंद केजरीवाल को आज हम असमाजिक तत्व लगते है और कश्मीरी हिंदुओं के नरसंहार करने वाले आतंकवादी प्यारे लगते है।