वाराणसी (वीएनएस)। नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा तीन अप्रैल को बनारस आएंगे। सुबह लगभग नौ बजे उनका एयरबेस ए-320 बाबतपुर स्थित लालबहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पर उतरेगा। उनके साथ लगभग 40 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल होगा। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नेपाल के पीएम की अगवानी करेंगे।
नेपाल के प्रधानमंत्री सबसे पहले काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव का दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद श्रीकाशी विश्वनाथ धाम जाएंगे। बाबा का दर्शन-पूजन के साथ ही नव्य-भव्य परिसर का अवलोकन के बाद ललिताघाट स्थित समराजेश्वर पशुपतिनाथ मंदिर (नेपाली मंदिर) में शीश नवाएंगे और रुद्राभिषेक भी करेंगे। इस मंदिर का प्रबंधन नेपाल सरकार की ओर से किया जाता है। नेपाली मंदिर में पीएम देउबा के स्वागत की तैयारी चल रही है। नेपाल के पीएम लगभग सात घंटे काशी में गुजारेंगे। इसके बाद शाम चार बजे बाबतपुर एयरपोर्ट से प्रस्थान करेंगे।