रायगढ़ (वीएनएस)। नगर निगम की तेजतर्रार कांग्रेसी पार्षद संजना शर्मा की इलाज के दौरान गुरुवार की दोपहर को मौत हो गई। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 27 की कांग्रेस पार्षद संजना शर्मा ने कल अपने घर में जहर खा लिया था और किसी को भी इस संबंध में जानकारी नहीं मिली। उनके भाई ने जब संजना को उल्टी करते हुए देखा तो पता चला कि उन्होंने जहरखुरानी की है। आनन-फानन में आज दोपहर मेट्रो अस्पताल में भर्ती करवाया गया, परंतु तब तक देर हो चुकी थी। ऐसे में इलाज के दौरान ही संजना की मौत हो गई।
इस संबंध में मेट्रो अस्पताल के संचालक डॉ. प्रकाश मिश्रा ने संजना की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि संजना की हालत भर्ती के समय ही काफी गंभीर थी क्योंकि उसने कल जहर खाया था, जो पूरे शरीर में फैल चुका था। काफी प्रयत्नों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। कांग्रेसी पार्षद संजना शर्मा की मौत के बाद पूरे परिवार सहित नगर निगम में शोक का माहौल है। अभी तक यह पता नहीं चल पाया कि किस वजह से संजना शर्मा ने जहरखुरानी की।