मुख्यमंत्री बघेल ने विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों के खाते में राशि का किया भुगतान

Posted On:- 2022-03-31



जिले के किसानों को चौथी किश्त के रूप 13 करोड़ 1 लाख 30 हजार रुपए का भुगतान

जशपुरनगर (वीएनएस)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, शहीद महेंद्र कर्मा तेंदूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के अंतर्गत किश्त राशि का अंतरण, मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना का विस्तार, राजस्व प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा के लिए आॅनलाइन पोर्टल, 4 नवीन अनुविभाग व 23 नवीन तहसील का वर्चुअल शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, पूर्व राज्य सभा सांसद पी.एल. पुनिया, स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, आबकारी मंत्री कवासी लखमा, महिला व बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री गुरु रूद्र कुमार, विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी, अनेक संसदीय सचिव और विधायक, अपेक्स बैंक के अध्यक्ष बैजनाथ चंद्राकर, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. कमलप्रीत सिंह सहित सम्बंधित विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में किसानों, ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूरों, तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों, पशुपालक ग्रामीणों, महिला समूहों को कुल 1124 करोड़ 92 लाख रुपए की राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश में 4 नए अनुविभाग और 23 नई तहसीलों का शुभारंभ करने के साथ ही राजस्व संबंधी शिकायतों को निराकरण की समीक्षा के लिए तैयार वेबपोर्टल का शुभांरभ किया। मुख्यमंत्री ने राज्य के नगर निगम क्षेत्रों में संचालित मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना का विस्तार करते हुए इसे अब राज्य के नगर पालिका व नगर पंचायत क्षेत्रों में संचालन के लिए 60 नवीन मेडिकल मोबाईल यूनिट का भी लोकार्पण किया। साथ ही मुख्यमंत्री बघेल ने राज्य के सभी नगर निगम के महापौर, सभापति, नगर पालिका के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष तथा सभी पाषर्दों का मानदेय तथा वित्तीय शक्ति को बढ़ाकर दोगुना किए जाने की घोषणा के साथ ही महापौर, अध्यक्ष और पार्षद निधि की राशि को बढ़ाकर डेढ़ गुना किए जाने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के सभी नगरीय निकायों में अधोसंरचना विकास व जनसुविधा के कार्यों के लिए 579 करोड़ दिए जाने की घोषणा की, जिसके तहत नगर निगमों को 10-10 करोड़, नगर पालिकाओं को 5-5 करोड़ तथा नगर पचायतों को 3-3 करोड़ रुपए विकास कार्यों के लिए मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में राज्य के 20 लाख 58 हजार किसानों के खातों में चौथी किश्त के रूप में 1029 करोड़ 31 लाख रुपए की राशि उनके बैंक खातों में अंतरित किए। गौरतलब है कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना के जरिए राज्य सरकार की ओर से किसानों के खातों में बीते दो वर्षों में 11 हजार 180 करोड़ 97 लाख रुपए का भुगतान किया जा चुका है। ग्रामीण भूमिहीन परिवारों को आर्थिक सम्बल व न्याय देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य में संचालित राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के तहत 3 लाख 55 हजार भूमिहीन परिवारों के बैंक खाते में भी मुख्यमंत्री ने 71 करोड़ 8 लाख रुपए की राशि दूसरी किश्त के रूप में जारी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुराजी गांव योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना और गोधन न्याय योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था और समाज के एक बड़े हिस्से को आर्थिक रूप से मजबूत करने में मददगार साबित हो रही है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गोधन न्याय योजना के तहत गोबर विक्रेताओं, गौठान समितियों और महिला समूहों को 13 करोड़ 62 लाख रुपए का भुगतान किया। इस योजना के तहत राज्य सरकार की ओर से पशुपालकों, स्व-सहायता समूहों व गौठान समितियों को अब तक 226.18 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। शहीद महेन्द्र कर्मा तेंदूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 728 तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों को 10 करोड़ 91 लाख रुपए की बीमा राशि का भुगतान किया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मौके पर प्रदेश में मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना का विस्तार भी किया। राज्य में यह योजना नगर निगमों के बाद अब नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों में लागू हो गई है। लोगों को घर पहुंच स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री बघेल ने 60 नवीन मोबाइल मेडिकल यूनिट को हरी झण्डी दिखाकर नगरीय निकायों के लिए रवाना किया।

जशपुर जिले के एनआईसी कक्ष से जशपुर विधायक विनय भगत, कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल, वनमंडलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय, अपर कलेक्टर आई.एल.ठाकुर, उपसंचालक कृषि विभाग एम.आर.भगत, सहायक पंजीयक सहकारी संस्थान बी.जे. एक्का, नोडल अधिकारी अपेक्स बैंक दीपक कुजूर और अन्य अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि सहित हितग्राही उपस्थित थे। इस अवसर पर विधायक विनय भगत व कलेक्टर अग्रवाल ने जिले के समस्त किसानों और अन्य योजनाओं से लाभान्वित हुए हितग्राहियों को बधाई व शुभकामनाएं दी, साथ ही राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

विधायक भगत ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रारंभ से ही किसानों व कमजोर वर्ग के लोगों के हितों को ध्यान में रखकर उन्हें आर्थिक लाभ पहुचाने के लिए योजनाओं का संचालन कर रही है। किसान, श्रमिक, आदिवासी परिवारों सबके विकास को ध्यान में रख कार्य किया जा रहा है। समर्थन मूल्य में धान खरीदी कर किसानो को उनकी मेहनत का वाजिब मूल्य प्रदान किया। गोधन न्याय योजना के तहत गोबर क्रय कर, जैविक खाद निर्माण सहित गौठान को मल्टी एक्टिविटी सेंटर के रूप में विकसित करना साथ ही पौनी पसारी व्यवसाय से जुड़े लोगों को आर्थिक सहायता पहुँचा रही है। जिससे आम नागरिकों को रोजगार के विभिन्न अवसर प्राप्त होने के साथ ही वे स्वावलंबन के दिशा में भी अग्रसर हो रहे है। कलेक्टर अग्रवाल ने भी सभी हितग्राहियों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ग के लोगों को लाभ पहुँचाने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजना प्रारंभ की है। जो कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया की शासन की मंशा शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, जिसके लिए जिला प्रशासन निरंतर प्रयास रत है। उन्होंने सभी को शासकीय योजनाओं से जुड़ने व उनका लाभ लेने की बात कही। राजस्व प्रकरणों के निराकरण में पारदशिर्ता व प्रगति लाने के लिए आॅनलाईन पोर्टल का भी शुभांरभ किया गया है। जिससे लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी आएगी।

नोडल अधिकारी अपेक्स बैंक ने जानकारी देते हुए बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 के तहत जिले के कुल 19827 किसानों को राजीव गांधी किसान योजना के अंतर्गत अंतिम किश्त के रूप में कुल 13 करोड़ 1 लाख 30 हजार की राशि उनकी खाते में अंतरित की गई है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत जिले के किसानों को कुल 4 किश्त के रूप में अब तक 70 करोड़ 15 लाख 13 हजार की राशि बोनस के रुप मे प्रदान किया गया है। इसी प्रकार गोधन न्याय योजना के तहत जिले के पशुपालकों को 1 मार्च 2022 से 29 मार्च 2022 तक की गोबर विक्रय के भुगतान के रूप में कुल 2 लाख 72 हजार 72 रुपए का भुगतान किया गया है। राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के तहत जिले के कुल 4679 हितग्राहियों को कुल 93 लाख 58 हजार की राशि प्रदान की गई है व शहीद महेंद्र कर्मा तेंदूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत जिले में कुल 31 प्रकरण के अंतर्गत कुल 47 लाख की बीमा राशि प्रदान की गई है।