कलेक्टर ने की गोधन न्याय योजना की प्रगति की समीक्षा

Posted On:- 2022-03-31



बालोद (वीएनएस)। कलेक्टर महोबे ने कल शाम संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी पूर्ण गौठानों में गोधन न्याय योजना प्रारंभ किए जाने की जानकारी ली। उन्होंने गोधन न्याय योजना के तहत खरीदे गए गोबर से वर्मी कम्पोस्ट निर्माण और विक्रय की जानकारी विकासखंडवार ली। कलेक्टर ने चयनित गौठानों में संचालित आयमूलक गतिविधियों की समीक्षा की और आजीविका संवर्धन संबंधी गतिविधियॉ नियमित संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे ज्यादा से ज्यादा लोग रोजगारमूलक कार्य से जुड़ेंगे, इससे उनकी आमदनी बढ़ेगी और वे आत्मनिर्भर होंगे।

कलेक्टर ने नरवा विकास के संचालित कार्यों की जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत मजदूरों के लंबित भुगतान की जानकारी ली और भुगतान शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और सभी कार्यांे को पूर्ण गुणवत्ता के साथ तय समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्रामीण औद्योगिक पार्क की स्थापना के संबंध में भी आवश्यक दिशानिर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कायर्पालन अधिकारी डॉ. रेणुका श्रीवास्तव, अतिरिक्त मुख्य कायर्पालन अधिकारी हेमंत ठाकुर सहित जनपद पंचायतों के मुख्य कायर्पालन अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।