महापरीक्षा अभियान में 8492 परीक्षार्थी हुए सफल

Posted On:- 2022-03-31



कांकेर (वीएनएस)। कलेक्टर व अध्यक्ष चंदन कुमार जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के कुशल मार्ग-दर्शन में सचिवालय राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकारण रायपुर की ओर से सत्र 2020-21 में कांकेर जिले को दस हजार असाक्षरों को पूर्ण साक्षर करने का लक्ष्य दिया गया था, तत्पश्चात सर्वे उपरान्त 9109 असाक्षरों का चिन्हांकन किया गया है। जिसमें जिले के 104 ग्राम पंचायतों व 39 नगरीय निकाय के वार्डो को चिन्हांकन कर 30 सितम्बर 2021 तक प्रथम चरण में महापरीक्षा का आयोजन संपन्न कराया गया था, जिसमें 7847 असाक्षर उक्त परीक्षा में सफल हुये।

इस प्रकार प्रथम चरण में निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध 87 प्रतिशत प्रतिभागी साक्षर हुये। लक्ष्य के विरूद्ध शेष बचे हुये 1262 असाक्षरों में से 838 पंजीकृत असाक्षरों को विकासखंडवार 30 मार्च 2022 को द्वितीय चरण महापरीक्षा अभियान चलाया गया। जिले के 70 परीक्षा केन्द्रों में 645 असाक्षरों को परीक्षा में सम्मिलित कराया गया, जिसमें 437 महिला और 208 पुरूष महापरीक्षा अभियान में सफल हुये। इस प्रकार द्वितीय चरण में निर्धारित लक्ष्य के विरूद्व 76 प्रतिशत प्रतिभागी साक्षर हुये। लक्ष्य के अनुरूप 9109 असाक्षरों मे से 8492 परीक्षार्थी परीक्षा में सफल हुये, जिसका लक्ष्य के विरूद्ध 93.22 प्रतिशत प्रतिभागी सफल रहे।