राजनांदगांव (वीएनएस)। सामान्य प्रेक्षक शांतनु पी. गोटमारे और कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तारन प्रकाश सिन्हा ने आज विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-73 खैरागढ़ उप निर्वाचन के लिए मतदान दल का द्वितीय रेण्डमाईजेशन किया। उप निर्वाचन के लिए मतदान दल गठित कर लिया गया है। इसमें पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी क्रमांक 1, 2 व 3 होंगे। इस दौरान माईक्रो आॅब्जर्वर का रेण्डमाईजेशन किया गया। जिसमें कुल 98 माईक्रो आब्जर्वर चिन्हांकित किए गए।
संगवारी मतदान केन्द्र और 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए मतदान दल का किया गया चिन्हांकन : संगवारी मतदान केन्द्र के लिए मतदान दल (संपूर्ण महिला) का चिन्हांकन कर लिया गया है। साथ ही 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं को डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान कराने के लिए 7 मतदान दल का रेण्डमाईजेशन किया गया। प्रत्येक मतदान दल में एक माईक्रो आॅब्जर्वर और 2 मतदान अधिकारी होंगे। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ व रिटर्निंग आॅफिसर लोकेश चंद्राकर, संयुक्त कलेक्टर व सहायक रिटर्निंग आॅफिसर इंदिरा देवहारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी खेमलाल वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।